उज्जैन/इंदौर/कोलकाता. मध्यप्रदेश के उज्जैन शहर में लगभग 12 वर्षीय एक लड़की सोमवार को सड़क पर खून से लथपथ हालत में पाई गई और मेडिकल जांच में उसके साथ बलात्कार किए जाने की पुष्टि हुई है. पुलिस ने बताया कि मामले की जांच और सीसीटीवी फुटेज की जांच के लिए एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है .
मध्यप्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने इंदौर में संवाददाताओं को बताया कि उज्जैन में बलात्कार की शिकार 12 वर्षीय लड़की का इलाज जारी है, और उसकी हालत खतरे से बाहर है. मंत्री ने कहा, ”लड़की उज्जैन के बाहर के किसी क्षेत्र की प्रतीत हो रही है. चूंकि वह (घटना को लेकर) ठीक तरह से जवाब दे नहीं पा रही है. इसलिए विशेषज्ञों और काउंसलर की मदद से उससे बातचीत का प्रयास किया जा रहा है.” इससे पहले एक पुलिस अधिकारी ने बुधवार को बताया कि 25 सितंबर को यहां मिली लड़की संभवत: पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश की रहने वाली है, लेकिन उसकी पहचान अभी तक नहीं हो पाई है क्योंकि वह पुलिस को अपना नाम और पता ठीक से नहीं बता पा रही है.
पुलिस अधीक्षक (एसपी) सचिन शर्मा ने कहा, “लगभग 12 साल की एक बच्ची सोमवार को उज्जैन के महाकाल पुलिस थाना क्षेत्र में एक सड़क पर खून से लथपथ पाई गई. उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सा जांच में उसके साथ बलात्कार की पुष्टि हुई है.” एसपी ने कहा कि चूंकि नाबालिग की हालत गंभीर है इसलिए उसे आगे के इलाज के लिए मंगलवार को इंदौर ले जाया गया.
उन्होंने बताया कि महाकाल थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है और घटना की जांच जारी है.
उन्होंने कहा, “मामले की जांच और सीसीटीवी फुटेज की जांच के लिए एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है ताकि आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके.” इस बीच, मध्य प्रदेश कांग्रेस प्रमुख कमलनाथ ने पीड़िता को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता और आरोपियों को सख्त से सख्त सजा दी जाने की मांग की.
कमलनाथ ने बुधवार को अपने आधिकारिक एक्स पर कहा, ” उज्जैन में एक छोटी बच्ची के साथ अत्यंत क्रूरतापूर्ण दुराचार का मामला देखकर रूह कांप गई. 12 साल की बेटी के साथ जिस तरह का दुष्कृत्य हुआ उससे मानवता शर्मसार हो जाती है. ऐसी जघन्य घटना प्रशासन और समाज के माथे पर कलंक है.”
कांग्रेस नेता ने कहा कि मध्य प्रदेश में कानून का राज खत्म हो गया है और अपराधी खुलेआम घूम रहे हैं जबकि जनता परेशान है. राज्य की भाजपा सरकार पर इस मामले में कांग्रेस के हमलों के बारे में पूछे जाने पर गृह मंत्री ने प्रतिप्रश्न किया, “क्या आपको कांग्रेस के प्रमाणपत्र की जरूरत होगी.”
तृणमूल कांग्रेस ने 12 साल की बच्ची से दुष्कर्म के मामले में मध्य प्रदेश सरकार की आलोचना की
तृणमूल कांग्रेस ने 12 साल की बच्ची से दुष्कर्म के मामले में बुधवार को मध्य प्रदेश की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि उस दल के नेता अपने भाषणों में महिला सशक्तिकरण का विशेष तौर पर उल्लेख करते हैं लेकिन महिलाओं के खिलाफ अपराध लगातार देश को परेशान कर रहे हैं.
पुलिस ने बताया कि उज्जैन शहर में 25 सितंबर को लड़की जब मिली थी तो उस समय उसके शरीर से खून बह रहा था और चिकित्सा जांच में उससे दुष्कर्म की पुष्टि हुई है. एक अधिकारी ने बताया कि लड़की संभवत: उत्तर प्रदेश की है लेकिन उसकी पहचान नहीं हो सकी है क्योंकि वह अपना नाम और पता पुलिस को ठीक से नहीं बता पा रही है.
अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) के अपने आधिकारिक खाते पर पोस्ट किया, ”भाजपा शासित राज्यों में महिला सुरक्षा की खराब स्थिति ने देश को एक बार फिर झकझोर दिया है. मध्य प्रदेश में 12 साल की बच्ची पर यौन हमला किया गया और वह बदहवास और जख्मी हालत में बड़नगर रोड पर मदद की गुहार लगाती मिली.”
पार्टी ने कहा, ”प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अपने भाषणों में ‘नारी शक्ति’ का विशेष उल्लेख करते हैं, लेकिन वास्तविकता है कि महिलाओें के खिलाफ दिल दहला देने वाली हिंसा लगातार देश को परेशान कर रही है. हमारी महिलाओं की जिंदगी को सुरक्षित बनाने में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की अक्षमता उनकी प्राथमिकता इंगित करती है.”
आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा की पश्चिम बंगाल इकाई ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस को सबसे पहले अपने गिरेबान में झांकना चाहिए, राज्य का महिला सुरक्षा एवं कानून और व्यवस्था के मामले में सबसे खराब रिकॉर्ड है. भाजपा की राज्य इकाई के प्रवक्ता समिक भट्टाचार्य ने कहा, ” तृणमूल को दूसरे राज्यों में महिला सुरक्षा एवं संरक्षा पर बात नहीं करनी चाहिए. पहले उसे पश्चिम बंगाल की कानून-व्यवस्था पर ध्यान देना चाहिए. राज्य में महिलाओं से दुष्कर्म और उनके प्रति अत्याचार के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं.”