लड़कियों के लिए भविष्य के नए दरवाजे खोलना सरकार की नीति: प्रधानमंत्री मोदी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 26 Sep 2023 09:02 PM
लड़कियों के लिए भविष्य के नए दरवाजे खोलना सरकार की नीति: प्रधानमंत्री मोदी
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को कहा कि नए संसद भवन में महिला आरक्षण विधेयक के पारित होने से देश के नए भविष्य की शुरुआत हुई है. उन्होंने जोर दिया कि लड़कियों के लिए भविष्य के नए दरवाजे खोलना उनकी सरकार की नीति है. मोदी ने विभिन्न सरकारी विभागों में 51,000 से अधिक नवनियुक्त कर्मचारियों को नियुक्ति पत्र वितरित करने के बाद वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से एक रोजगार मेले को संबोधित करते हुए शासन में प्रौद्योगिकी के बढ़ते उपयोग पर भी जोर दिया.

उन्होंने नवनियुक्त कर्मचारियों से कहा कि सरकारी योजनाओं में प्रौद्योगिकी के उपयोग से भ्रष्टाचार और जटिलताओं पर अंकुश लगा है तथा विश्वसनीयता और सुविधा में इजाफा हुआ है. प्रौद्योगिकी के इस्तेमाल से विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी), ट्रेन टिकट की बुकिंग और डिजिटल लॉकर सहित मिल रहीं अन्य सुविधाओं का हवाला देते हुए उन्होंने नवनियुक्त र्किमयों को ‘नागरिक-प्रथम’ की भावना से काम करने की सलाह दी. उन्होंने युवाओं से शासन में सुधार के लिए प्रौद्योगिकी का अधिक से अधिक उपयोग करने के लिए कहा.

प्रधानमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार निरंतर निगरानी, मिशन मोड कार्यान्वयन और सरकारी योजनाओं में जन भागीदारी के आधार पर एक नयी मानसिकता के साथ काम कर रही है और इसका उद्देश्य योजनाओं का 100 प्रतिशत क्रियान्वयन है. उन्होंने कहा कि यह देश के लिए ऐतिहासिक फैसलों और उपलब्धियों का समय है और हाल में संसद द्वारा पारित महिला आरक्षण विधेयक से देश की 50 प्रतिशत आबादी को काफी बढ़ावा मिलेगा. उन्होंने कहा कि 30 साल से लंबित यह मुद्दा लोकसभा और राज्यसभा दोनों में रिकॉर्ड मतों से पारित हो गया है.

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज जिन युवाओं को नियुक्ति पत्र दिया गया है उनमें कई ऐसे भी होंगे जिनका जन्म भी नहीं हुआ होगा जब इस विधेयक को पहली बार पेश किया गया था. उन्होंने कहा कि नए भारत के सपने बड़े हैं और अंतरिक्ष से लेकर खेलों तक लड़कियों की मौजूदगी बढ़ रही है. उन्होंने कहा कि उन्हें अब सशस्त्र बलों में शामिल किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि किसी भी क्षेत्र में महिलाओं की उपस्थिति से हमेशा हर क्षेत्र में सकारात्मक बदलाव आया है.

देश के अगले कुछ वर्षों में दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाने का जिक्र करते हुए मोदी ने कहा कि सरकारी कर्मचारियों को इस प्रक्रिया में बहुत योगदान देना होगा. मोदी ने उनकी अध्यक्षता में हुई प्रगति बैठकों का उदाहरण देते हुए कहा कि देश भर में परियोजनाओं की लगातार निगरानी की जा रही है.

सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) में वृद्धि और उत्पादन तथा निर्यात में उछाल के बारे में उन्होंने कहा कि आधुनिक बुनियादी ढांचे में अभूतपूर्व निवेश किया जा रहा है और नवीकरणीय ऊर्जा, जैविक खेती, रक्षा तथा पर्यटन जैसे क्षेत्र नयी जीवंतता दिखा रहे हैं. उन्होंने कहा कि ‘आत्मनिर्भर अभियान’ मोबाइल फोन से लेकर विमान वाहक पोत तक, कोरोना टीका से लड़ाकू विमान तक के क्षेत्रों में परिणाम दिखा रहा है. रोजगार मेले का आयोजन देश भर में 46 स्थानों पर किया गया. इसमें डाक विभाग, परमाणु ऊर्जा, राजस्व, उच्च शिक्षा और रक्षा मंत्रालय सहित विभिन्न मंत्रालयों और विभागों के चयनित कर्मचारी शामिल हुए.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu