गुजरात: ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद राष्ट्र-विरोधी पोस्ट करने के लिए 14 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 12 May 2025 09:19 PM
गुजरात: ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद राष्ट्र-विरोधी पोस्ट करने के लिए 14 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज
ऑडियो सुनें

अहमदाबाद/बरेली. गुजरात पुलिस ने पाकिस्तान और उसके कब्जे वाले कश्मीर में आतंकवादियों के ठिकानों को नष्ट करने के लिए भारतीय सशस्त्र बलों द्वारा शुरू किए गए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के मद्देनजर सोशल मीडिया पर कथित रूप से ‘राष्ट्र-विरोधी’ और ‘मनोबल तोड़ने वाली’ सामग्री पोस्ट करने के लिए 14 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है. अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी.
अधिकारियों ने बताया कि आरोपियों में एक व्यापारी और सरदार पटेल सम्मान संकल्प आंदोलन समिति का संयोजक शामिल है.

आधिकारिक विज्ञप्ति के मुताबिक, इन 14 प्राथमिकियों में से दो-दो खेड़ा और कच्छ जिलों में दर्ज की गई जबकि एक-एक जामनगर, जूनागढ., वलसाड, बनासकांठा, आणंद, अहमदाबाद, सूरत, वडोदरा, पाटन और पंचमहल जिलों में दर्ज की गई. इन 14 आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है.

विज्ञप्ति में बताया गया कि आरोपियों ने ‘राष्ट्र-विरोधी’ पोस्ट शेयर किए थे, जो ‘सशस्त्र बलों का मनोबल तोड़ सकते थे और लोगों के बीच दुश्मनी पैदा कर सकते थे’. गुजरात पुलिस पिछले सप्ताह से ही राज्य के पुलिस महानिदेशक विकास सहाय के निर्देशों के बाद राष्ट्र-विरोधी और मनोबल गिराने वाली सामग्री तथा अफवाहों की पहचान करने के लिए सोशल मीडिया में निगरानी रख रही है. विज्ञप्ति के मुताबिक, पुलिस महानिदेशक ने ऐसे तत्वों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करने का भी आदेश दिया है.

बरेली में सोशल मीडिया पर पाकिस्तान के समर्थन में वीडियो पोस्ट करने का आरोपी गिरफ्तार

बरेली जिले की देवरानियां थाना पुलिस ने सोशल मीडिया मंच “फेसबुक” पर पाकिस्तान के समर्थन में एक वीडियो पोस्ट करने के आरोप में एक शख्स को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी. पुलिस के अनुसार, जिले के देवरनिया थाना क्षेत्र के गिरधरपुर गांव निवासी मोहम्मद साजिद को गिरफ्तार किया गया है जिसने फेसबुक पर कथित रूप से ‘पाकिस्तान जिंदाबाद’ लिख कर एक वीडियो पोस्ट की. वीडियो में पाकिस्तान का झंडा लहराते और लोग जश्न मनाते दिख रहे थे.

बहेड़ी के पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) अरुण कुमार सिंह ने पत्रकारों को बताया कि आरोपी साजिद के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है. पुलिस के अनुसार, हिंदू युवा वाहिनी के नेता हिमांशु पटेल को लेकर देवरनिया थाने में शनिवार को शिकायत की. पुलिस ने बताया कि गिरफ्तारी के बाद साजिद थाने में “पाकिस्तान मुर्दाबाद” के नारे लगाने लगा. सीओ ने कहा कि मामले में अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu