गुरिंदरवीर ने पुरुषों की 100 मीटर दौड़ का राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 28 Mar 2025 08:10 PM
गुरिंदरवीर ने पुरुषों की 100 मीटर दौड़ का राष्ट्रीय रिकॉर्ड तोड़ा
ऑडियो सुनें

बेंगलुरु. गुरिंदरवीर सिंह ने शुक्रवार को यहां इंडियन ग्रां प्री 1 (आईजीपी 1) में 10.20 सेकंड की तेज दौड़ के साथ पुरुषों की 100 मीटर फर्राटा दौड़ में राष्ट्रीय रिकॉर्ड कायम करने के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया. रिलायंस का प्रतिनिधित्व करने वाले 24 वर्षीय पंजाब के धावक ने अक्टूबर 2023 में मणिकांत होबलीधर द्वारा निर्धारित 10.23 सेकंड के पिछले राष्ट्रीय रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया. गुरविंदर का पिछला व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ 10.27 सेकंड था. उन्होंने इसे 2021 में बनाया था.

रिलायंस के ही होबलीधर 10.22 सेकंड के समय के साथ दूसरे स्थान पर रहे. उन्होंने भी पुरुषों की 100 मीटर फाइनल रेस डी में अपने ही पिछले राष्ट्रीय रिकॉर्ड को 0.01 सेकंड से बेहतर किया. लेन पांच और छह में एक-दूसरे के साथ दौड़ते हुए गुरिंदरवीर और होबलीधर के बीच बेहद कड़ी प्रतिस्पर्धा हुई. गुरिंदरवीर ने हालांकि मामूली अंतर से रेस जीतने के साथ राष्ट्रीय रिकॉर्ड को 0.03 सेकंड के अंतर से अपने नाम कर लिया.

अमलान बोरगोहेन ने 10.43 सेकंड के समय के साथ तीसरा स्थान हासिल किया जिससे रिलायंस ने शीर्ष तीन स्थानों पर कब्जा कर लिया. यह तिकड़ी और अनिमेष कुजूर 100 मीटर में पिछले कुछ समय से भारत के शीर्ष धावक रहे हैं. कुजूर ने इस स्पर्धा में हिस्सा नहीं लिया. गुरिंदरवीर ने इससे पहले 2021 और 2024 की राष्ट्रीय अंतरराज्यीय चैंपियनशिप के साथ-साथ 2024 फेडरेशन कप में 100 मीटर में स्वर्ण पदक जीता था.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu