रिकल्टन और रोहित का अर्धशतक, मुंबई ने रॉयल्स को 218 रन का लक्ष्य दिया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 01 May 2025 10:29 PM
रिकल्टन और रोहित का अर्धशतक, मुंबई ने रॉयल्स को 218 रन का लक्ष्य दिया
ऑडियो सुनें

जयपुर. रेयान रिकल्टन और रोहित शर्मा के अर्धशतक और दोनों के बीच शतकीय साझेदारी से मुंबई इंडियन्स ने इंडियन प्रीमियर लीग में बृहस्पतिवार को यहां राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ दो विकेट पर 217 रन बनाए. रिकल्टन ने 38 गेंद में तीन छक्कों और सात चौकों से 61 रन की पारी खेलने के अलावा रोहित (53 रन, 36 गेंद, नौ चौके) के साथ पहले विकेट के लिए 116 रन जोड़कर मुंबई को ठोस मंच प्रदान किया. कप्तान हार्दिक पंड्या (नाबाद 48, 23 गेंद, छह चौके, एक छक्का) और सूर्यकुमार यादव (नाबाद 48, 23 गेंद, चार चौके, तीन छक्के) ने अंतिम ओवरों में 44 गेंद में 94 रन की अटूट साझेदारी करके टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाया.

रॉयल्स की ओर से महेश तीक्षणा (47 रन पर एक विकेट) और रियान पराग (12 रन पर एक विकेट) ने एक-एक विकेट चटकाया लेकिन सभी गेंदबाज काफी महंगे साबित हुए. रॉयल्स के कप्तान संजू सैमसन ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया जिसके बाद रेयान रिकल्टन और रोहित शर्मा ने पावर प्ले में 58 रन जोड़कर टीम को शानदार शुरुआत दिलाई.

रोहित ने फजलह फारूकी और महेश तीक्षणा पर चौकों के साथ शुरुआत की जबकि रिकल्टन ने फारूकी की लगातार गेंदों पर छक्का और चौका मारा. रिकल्टन ने जोफ्रा आर्चर की लगातार गेंदों पर भी चौका और छक्का जड़ा और फिर आकाश मधवाल का स्वागत लगातार दो चौकों के साथ किया. रोहित ने कार्तिकेय पर लगातार दो चौके मारे जबकि रिकल्टन ने इस स्पिनर पर छक्के के साथ 29 गेंद में अर्धशतक पूरा किया. मुंबई के रनों का शतक 11वें ओवर में पूरा हुआ.

रोहित ने तीक्षणा पर चौके के साथ 31 गेंद में अर्धशतक पूरा किया जो पिछले चार मैच में उनका तीसरा अर्धशतक है. तीक्षणा ने हालांकि इसी ओवर में रिकेल्टन को बोल्ड करके मुंबई को पहला झटका दिया. सूर्यकुमार ने तीक्षणा पर चौके के साथ खाता खोला लेकिन रोहित अगले ओवर में रियान पराग की गेंद पर यशस्वी जायसवाल को कैच दे बैठे.

कप्तान हार्दिक पंड्या ने फारूकी पर चौके से खाता खोला जबकि सूर्यकुमार ने भी इस तेज गेंदबाज पर लगातार दो चौके मारे.
सूर्यकुमार ने तीक्षणा और आर्चर पर छक्कों के साथ रन गति में इजाफा किया जबकि हार्दिक ने फारूकी के 18वें ओवर में तीन चौकों और एक छक्के से 21 रन बटोरे. सूर्यकुमार ने पारी की अंतिम गेंद पर मधवाल पर छक्का जड़ा.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu