
नयी दिल्ली. अयोध्या में राम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा समारोह के कारण 22 जनवरी को देश भर में केंद्र सरकार के सभी कार्यालय आधे दिन के लिए बंद रहेंगे. कार्मिक मंत्रालय के एक आदेश में बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी गई. राम मंदिर के गर्भगृह में राम लला की नई मूर्ति का ‘प्राण प्रतिष्ठा’ समारोह सोमवार को निर्धारित है. यह समारोह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा किया जाना तय है.
मंत्रालय ने केंद्र सरकार के सभी मंत्रालयों/विभागों को जारी आदेश में कहा, “अयोध्या में रामलला के प्राण प्रतिष्ठा समारोह का जश्न 22 जनवरी 2024 को पूरे भारत में मनाया जाएगा. इस उत्सव में कर्मचारी भाग ले सकें, इसलिए यह निर्णय लिया गया है कि पूरे भारत में केंद्र सरकार के सभी कार्यालय, केंद्रीय संस्थान और केंद्रीय औद्योगिक प्रतिष्ठान 22 जनवरी 2024 को अपराह्न ढाई बजे तक आधे दिन के लिए बंद रहेंगे.”
संपर्क करने पर केंद्रीय कार्मिक राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि यह निर्णय लोगों के जबर्दस्त उत्साह को देखते हुए लिया गया है. उन्होंने कहा, “इसे लेकर देशभर में जनता की काफी मांग थी. 22 जनवरी को केंद्र सरकार के कार्यालयों को आधे दिन के लिए बंद करने का निर्णय जनभावनाओं को देखते हुए लिया गया है.”
सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों, बीमा कंपनियों में 22 जनवरी को आधे दिन का अवकाश
बैंक, बीमा कंपनियां और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों में 22 जनवरी को अयोध्या में राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के मौके पर आधे दिन का अवकाश रहेगा. इससे पहले दिन में कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग ने केंद्रीय संस्थानों और केंद्रीय औद्योगिक प्रतिष्ठानों के संबंध में एक आदेश जारी किया.
विभग ने केंद्र सरकार के सभी मंत्रालयों/विभागों को जारी आदेश में कहा, “अयोध्या में रामलला प्राण प्रतिष्ठा समारोह 22 जनवरी, 2024 को पूरे भारत में मनाया जाएगा. इस उत्सव में कर्मचारी भाग ले सकें, इसीलिए यह निर्णय लिया गया है कि पूरे भारत में केंद्र सरकार के सभी कार्यालय, केंद्रीय संस्थान और केंद्रीय औद्योगिक प्रतिष्ठान 22 जनवरी, 2024 को अपराह्न ढाई बजे तक आधे दिन के लिए बंद रहेंगे.”
वित्त मंत्रालय की एक अधिसूचना में बृहस्पतिवार को कहा गया कि डीओपीटी का आदेश सार्वजनिक क्षेत्र के वित्तीय संस्थानों और आरआरबी पर भी लागू होगा ताकि कर्मचारी राम लला प्राण प्रतिष्ठा समारोह में भाग ले सकें. राम मंदिर के गर्भगृह में राम लला की नई मूर्ति का प्राण प्रतिष्ठा समारोह सोमवार को होगा.



