इंदौर में लाउडस्पीकर पर पांच बार हनुमान चालीसा व रामधुन बजनी शुरू, प्रशासन सतर्क

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 25 Apr 2022 08:55 PM
इंदौर में लाउडस्पीकर पर पांच बार हनुमान चालीसा व रामधुन बजनी शुरू, प्रशासन सतर्क
ऑडियो सुनें

इंदौर. मध्य प्रदेश के इंदौर में सांप्रदायिक रूप से संवेदनशील क्षेत्र के एक हनुमान मंदिर में लाउडस्पीकर पर दिन में पांच बार हनुमान चालीसा और रामधुन बजाए जाने का सिलसिला शुरू हो गया है. इससे सतर्क प्रशासन ने दोनों पक्षों को चेतावनी दी है कि धार्मिक स्थलों के लाउडस्पीकर को लेकर सांप्रदायिक तनातनी की स्थिति नहीं बननी चाहिए और सार्वजनिक शांति कायम रहनी चाहिए. शहर के चंद्रभागा क्षेत्र स्थित खेड़ापति हनुमान मंदिर में लाउडस्पीकर पर दिन में पांच बार हनुमान चालीसा और रामधुन बजाए जाने का आह्वान ‘हिंदवी स्वराज’’ नाम के स्थानीय संगठन ने किया है.

संगठन के प्रमुख और पेशे से वकील अमित पांडे ने सोमवार को “पीटीआई-भाषा” को बताया, “इस प्राचीन मंदिर में लाउडस्पीकर पर सूर्योदय और सूर्यास्त के वक्त हनुमान चालीसा बजाई जा रही है. इसके अलावा, दिन में तीन बार मंदिर में लाउडस्पीकर पर रामधुन बजाई जा रही है.” पांडे के मुताबिक, पिछले तीन महीनों में स्थानीय वकीलों ने नियम-कायदों का हवाला देते हुए शहर के हर पुलिस थाने में लिखित शिकायत की थी कि मस्जिदों में अजान के वक्त ‘‘पहले से ज्यादा तेज आवाज में’’ लाउडस्पीकर बजाये जाने से कई बुजुर्गों और बच्चों को परेशानी हो रही है, लेकिन पुलिस या प्रशासन ने शिकायत पर उचित कदम नहीं उठाए.

उन्होंने कहा, ‘‘हमने शहर के कुल 25 मंदिरों को चिह्नित किया है, जहां हम लाउडस्पीकर पर दिन में पांच बार हनुमान चालीसा और रामधुन बजाने पर विचार कर रहे हैं.’’ उधर, जिलाधिकारी मनीष ंिसह ने कहा, ‘‘धार्मिक स्थलों के लाउडस्पीकर के मसलों को आपस में बातचीत कर सुलझाया जाना चाहिए और दो पक्षों के बीच सांप्रदायिक तनातनी की स्थिति नहीं बननी चाहिए. हमारे लिए शहर की शांति सर्वोपरि है.’’ मस्जिदों के लाउडस्पीकर को लेकर की गई शिकायतों पर उन्होंने कहा, ‘‘जब हमने संबंधित मस्जिदों की प्रबंध समितियों से इन शिकायतों को लेकर बात की, तो वहां लगे लाउडस्पीकर की आवाज कम कर दी गई.’’

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu