हनुमान चालीसा विवाद : राउत का दावा, महाराष्ट्र में सरकार बनाने में असमर्थता से बेचैन भाजपा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 26 Apr 2022 06:43 PM
हनुमान चालीसा विवाद : राउत का दावा, महाराष्ट्र में सरकार बनाने में असमर्थता से बेचैन भाजपा
ऑडियो सुनें

मुंबई. भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस द्वारा हनुमान चालीसा के पाठ को लेकर उपजे राजनीतिक विवाद के मद्देनजर महाराष्ट्र सरकार की ंिखचाई करने के एक दिन बाद शिवसेना सांसद संजय राउत ने मंगलवार को दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) राज्य की सत्ता में नहीं लौट सकने के कारण बेचैन है मुंबई में संवाददाताओं से बातचीत में राउत ने दावा किया कि भाजपा के अगले 25 वर्षों तक महाराष्ट्र में सत्ता में वापसी करने की कोई गुंजाइश नहीं है. 2019 के महाराष्ट्र विधानसभा चुनावों के बाद भाजपा से नाता तोड़ने वाली शिवसेना मौजूदा समय में राज्य में राकांपा और कांग्रेस के साथ सत्ता साझा कर रही है.

राउत ने यह भी दावा किया कि शिवसेना कार्यकर्ताओं पर बीते हफ्ते उन पर हमला करने का आरोप लगाने वाले पूर्व भाजपा सांसद किरीट सोमैया ने ‘खून बहने का नाटक करने के लिए टमाटर सॉस लगाया था.’ शिवसेना नेता की यह टिप्पणी पूर्व सांसद सोमैया और मुंबई के भाजपा विधायकों के एक प्रतिनिधिमंडल के सोमवार को नयी दिल्ली में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय से मिलकर सोमैया पर हुए कथित हमले की जांच के लिए एक विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित करने की मांग किए जाने के बाद आई है.
राउत ने फडणवीस को उनके इस बयान के लिए भी आड़े हाथों लिया कि अगर हनुमान चालीसा का पाठ करना देशद्रोह है तो वह अपनी पार्टी के लोगों के साथ ऐसा करेंगे.

मुंबई पुलिस ने बीते शनिवार को उपनगरीय बांद्रा में मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के निजी आवास ‘मातोश्री’ के बाहर हनुमान चालीसा का पाठ करने का आह्वान करने के बाद निर्दलीय सांसद नवनीत राणा और उनके विधायक पति रवि राणा को गिरफ्तार करते हुए उनके खिलाफ देशद्रोह का मामला दर्ज किया था.

राउत ने कहा, ‘‘फडणवीस लोगों को गुमराह कर रहे हैं. हनुमान चालीसा का पाठ करने पर देशद्रोह का आरोप नहीं लगाया गया है. दूसरों के घरों के बाहर हनुमान चालीसा का पाठ न करें. मंदिरों में करें. अगर आप हनुमान चालीसा का पाठ करके माहौल खराब करेंगे तो आप पर मुकदमा चलेगा.’’

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu