
नई दिल्ली: दिल्ली हाईकोर्ट ने आदेश दिया है कि एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक को मेदांता अस्पताल में शिफ्ट किया जाए। कोर्ट ने यह भी आदेश दिया कि सभी मेडिकल टेस्ट रिपोर्ट मेदांता में डॉक्टरों के एक पैनल को सौंपी जाएं। अस्पताल को उनके इलाज के लिए डॉक्टरों का एक पैनल बनाने को कहा है।
अनशन पर हैं सोनम वांगचुक, हमें कोर्ट के लिखित आदेश का इन्तजार: गीतांजलि आंग्मो
एक्टिविस्ट सोनम वांगचुक की पत्नी डॉ. गीतांजलि आंग्मो ने कहा कि मैं इस मामले को सही ढंग से सुलझाने के लिए दिल्ली हाईकोर्ट का शुक्रिया अदा करती हूं। भारत में एक लोकतांत्रिक नागरिक को अपनी पसंद का डॉक्टर, अस्पताल और इलाज चुनने का अधिकार है। यहाँ उन्हें जिस तरह से लाया गया था, उसके कारण हमें भरोसा नहीं हो रहा था। उन्हें अस्पताल में भर्ती करने की जरूरत नहीं थी, क्योंकि उनकी सेहत की निगरानी जंतर-मंतर पर भी की जा सकती थी। यह एक तरह की नजरबंदी जैसा था ताकि वह बाहर के लोगों से संपर्क न कर सकें। उनकी सेहत से जुड़ी बातें जानलेवा नहीं हैं। सरकार से ज्यादा चिंता हमें उनकी सेहत की है। सोनम ने अपना अनशन जारी रखने का फैसला किया है, ताकि वे उन छात्रों के साथ एकजुटता दिखा सकें जिनकी कल पिटाई हुई थी। सफदरजंग अस्पताल आए कई सांसदों को उनसे मिलने नहीं दिया गया। डॉ. लांबा और डॉ. दिघे, जो पिछले 20 दिनों से उनका इलाज कर रहे थे, ने आज कोर्ट को बताया कि इलाज करने वाले डॉक्टर को भी मरीज से मिलने नहीं दिया जा रहा था। हमें उस अस्पताल में नजरबंदी और कैद जैसा महसूस हुआ। लंच के बाद एक लिखित आदेश दिया जाएगा, फिर हम उन्हें मेदांता ले जाएंगे।
अभी और दर्ज हो सकती है एफआईआर
दिल्ली के एडिशनल डीसीपी आनंद कुमार मिश्रा ने कहा कि कुछ एफआईआर पहले ही दर्ज की जा चुकी हैं और यह संख्या निश्चित रूप से और बढ़ सकती है। अभी सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है। जैसे-जैसे दूसरे पहलुओं की जांच होगी। एफआईआर दर्ज होने की संभावना है। पूरे विरोध वाले इलाके में 100 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। उन सभी की निगरानी की जा रही है। इस काम के लिए एक खास टीम लगाई गई है, जिसमें कई टीमें मिलकर काम कर रही हैं। हम हर चीज की बारीकी से जांच कर रहे हैं। सीसीटीवी फुटेज, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म, लोगों द्वारा रिकॉर्ड किए गए वीडियो और हमारे अपने लगाए गए कैमरों की फुटेज। हमने पहले ही एक टीम बना ली थी ताकि जरूरत पड़ने पर हम तेजी से जांच कर सकें। वह टीम अभी काम कर रही है।



