राहुल गांधी से जुड़े मानहानि मामले में सुनवाई टली, 16 दिसंबर को अगली सुनवाई

Author: navabharat digital
UPDATED: Wed, 04 Dec 2024 04:13 PM
राहुल गांधी से जुड़े मानहानि मामले में सुनवाई टली, 16 दिसंबर को अगली सुनवाई
ऑडियो सुनें

सुलतानपुर: उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर में सांसद-­विधायक (एमपी/एमएलए) की विशेष अदालत में कांग्रेस नेता राहुल गांधी के खिलाफ दायर मानहानि मामले में बुधवार को सुनवाई टल गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राहुल के वकील के बीमार होने के कारण सुनवाई टल गई और अब अगली सुनवाई 16 दिसंबर को होगी।

इससे पहले 23 नवंबर को दीवानी न्यायालय में विधिक कार्यशाला के आयोजन के कारण भी सुनवाई टल गयी थी। जिले के हनुमानगंज इलाके में रहने वाले भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता विजय मिश्रा ने वर्ष 2018 में राहुल गांधी के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दर्ज कराया था।

मिश्रा के अधिवक्ता संतोष पांडेय ने बताया कि आज (बुधवार को) उनके मुवक्किल (विजय मिश्रा) से जिरह होनी थी और वह अदालत में उपस्थित भी हुए थे लेकिन राहुल गांधी के वकील काशी प्रसाद शुक्ला ने अपने बीमार होने का पत्र अदालत में दायर, जिसके बाद न्यायालय ने अगली सुनवाई की तिथि 16 दिसंबर तय कर दी।

मिश्रा ने राहुल पर वर्ष 2018 में कर्नाटक विधानसभा चुनाव के दौरान गृह मंत्री अमित शाह पर अभद्र टिप्पणी करने का आरोप लगाया गया था। मिश्रा के मुताबिक, राहुल इस वर्ष फरवरी में अपनी ‘भारत जोड़ो, न्याय यात्रा’ के बीच में अदालत में पेश हुए थे, जहां से उन्हें 25-25 हजार के निजी मुचलके पर जमानत मिल गयी थी।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital