ऑस्ट्रेलिया में हिंदू मंदिर को नस्लवादी भित्तिचित्रों से विरूपित किया गया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 24 Jul 2025 08:10 PM
ऑस्ट्रेलिया में हिंदू मंदिर को नस्लवादी भित्तिचित्रों से विरूपित किया गया
ऑडियो सुनें

मेलबर्न. आस्ट्रेलिया के मेलबर्न में एक हिंदू मंदिर और दो एशियाई रेस्तरां को नस्लवादी भित्तिचित्रों से विकृत कर दिया गया, जिसके बाद यहां रहने वाले समुदाय के सदस्यों के बीच चिंता बढ़ गई है. बृहस्पतिवार को एक मीडिया रिपोर्ट में यह कहा गया. ऑस्ट्रेलिया टुडे वेब पोर्टल की रिपोर्ट के अनुसार, मेलबर्न के पूर्वी उपनगर बोरोनिया में वाडहर्स्ट ड्राइव पर स्थित श्री स्वामीनारायण मंदिर की दीवारों पर सोमवार सुबह लाल रंग से नस्लवादी बातें लिखी गईं. इसमें कहा गया है कि बोरोनिया रोड पर स्थित दो रेस्तरां पर भी उसी दिन एक ही तरह के अपशब्द लिखे गए.

रिपोर्ट में कहा गया है कि विक्टोरिया पुलिस ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि “हमारे समाज में घृणा आधारित और नस्लवादी व्यवहार के लिए बिल्कुल भी जगह नहीं है.” वेब पोर्टल की रिपोर्ट के अनुसार, इस घटना से स्तब्ध हिंदू काउंसिल ऑफ ऑस्ट्रेलिया, विक्टोरिया चैप्टर के अध्यक्ष मकरंद भागवत ने कहा कि यह “हमारी पहचान, पूजा करने के हमारे अधिकार और धार्मिक स्वतंत्रता पर हमला जैसा लगता है.” रिपोर्ट में कहा गया है कि विक्टोरिया की प्रधानमंत्री जसिंटा एलन ने मंदिर प्रबंधन को भेजे एक निजी संदेश में इसे “घृणास्पद” और “नस्लवादी” बताया.

रिपोर्ट में जसिंटा के संदेश का हवाला देते हुए कहा गया है, “इस हफ्ते जो हुआ वह नफरत से भरा, नस्लवादी और बेहद परेशान करने वाला था. यह सिर्फ विरूपित करना नहीं था. यह नफरत का एक जानबूझकर किया गया कृत्य था, जिसका मकसद डराना, अलग-थलग करना और डर फैलाना था.” इस बीच, हिंदू समुदाय ने घटना के बाद अंतरधार्मिक समूहों से समर्थन का आग्रह किया है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu