उम्मीद है कि कुश्ती का मसला सुलझ जाएगा: गांगुली

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 05 May 2023 08:15 PM
उम्मीद है कि कुश्ती का मसला सुलझ जाएगा: गांगुली
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के पूर्व अध्यक्ष सौरव गांगुली ने शुक्रवार को कहा कि उन्हें उम्मीद है कि मौजूदा कुश्ती विवाद का ‘समाधान’ हो जाएगा लेकिन उन्होंने इस मामले में कोई और टिप्पणी करने से इनकार कर दिया. विनेश फोगाट, साक्षी मलिक और बजरंग पूनिया सहित शीर्ष पहलवान 23 अप्रैल से यहां जंतर-मंतर पर भारतीय कुश्ती महासंघ (डब्ल्यूएफआई) के अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं और एक नाबालिग सहित सात पहलवानों के कथित यौन उत्पीड़न के आरोप में उनकी गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं.

भारतीय टीम के पूर्व कप्तान गांगुली ने यहां एक कार्यक्रम से इतर संवाददाताओं से कहा, ‘‘मुझे उम्मीद है कि इसका समाधान हो जाएगा. पहलवानों ने काफी पदक जीते हैं और देश का नाम रोशन किया है. उम्मीद है कि इसका समाधान निकलेगा.’’ उन्होंने कहा, ‘‘उन्हें अपनी लड़ाई लड़ने दो. मुझे नहीं पता कि वहां क्या हो रहा है, मैंने सिर्फ अखबारों में पढ़ा है. खेल की दुनिया में, मुझे एक बात का अहसास हुआ कि आप उन चीजों के बारे में बात नहीं करते हैं जिनके बारे में आपको पूरी जानकारी नहीं है.’’

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu