ऑस्ट्रेलिया ओपन में उप विजेता रहे एचएस प्रणय

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 06 Aug 2023 07:48 PM
ऑस्ट्रेलिया ओपन में उप विजेता रहे एचएस प्रणय
ऑडियो सुनें

सिडनी. भारत के एचएस प्रणय को रविवार को यहां ऑस्ट्रेलिया ओपन सुपर 500 बैडमिंटन टूर्नामेंट के पुरुष एकल के फाइनल में चीन के वेंग होंग यांग से तीन गेम तक चले रोमांचक मैच में हार का सामना करना पड़ा. केरल के रहने वाले 31 वर्षीय प्रणय ने पहला गेम गंवाने के बाद अच्छी वापसी की लेकिन निर्णायक गेम में वह पांच अंक की बढ़त का फायदा नहीं उठा पाए और विश्व में 24वें नंबर के खिलाड़ी वेंग से 9-21, 23-21, 20-22 से हार गए.

कोरिया ओपन (2022) और चीन ओपन (2019) का खिताब जीतने वाले यांग ने इस जीत के साथ ही मलेशिया मास्टर्स के फाइनल में इस भारतीय खिलाड़ी के खिलाफ मिली हार का बदला भी चुकता कर लिया. इन दोनों खिलाड़ियों के बीच इससे पहले केवल एक मुकाबला हुआ था. प्रणय ने उस मैच में तीन गेम में जीत दर्ज करके मलेशिया मास्टर्स का खिताब जीता था.

प्रणय ने इस सत्र में आठ में से छह मैचों में शुरुआती गेम में शिकस्त का सामना करने के बाद जीत दर्ज की है. उन्होंने इस टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में विश्व रैंकिंग में दूसरे स्थान पर काबिज एंथोनी गिंटिंग के खिलाफ भी पहला गेम गंवाने के बाद जीत दर्ज की थी.
पहले गेम को आसानी से गंवाने वाले विश्व रैंकिंग में नौवें स्थान पर काबिज प्रणय के पास निर्णायक गेम में पांच अंक (19-14) की बढ़त थी लेकिन वेंग ने शानदार वापसी करते हुए जीत दर्ज की.

प्रणय ने मैच में अच्छी शुरुआत की लेकिन वेंग ने दमदार स्मैश से स्कोर 6-6 कर दिया. चीन के खिलाड़ी ने इसके बाद दबदबा बनाते हुए 12 गेम प्वाइंट हासिल किये और प्रणय ने शटल को नेट पर खेल कर उनका काम आसान कर दिया. पहले गेम को बड़े अंतर से गंवाने के बाद दूसरे गेम की शुरुआत में भी प्रणय 0-3 से पिछड़ने के बाद दबाव में थे. उन्होंने हालांकि शानदार वापसी करते हुए स्कोर को 2-4 और फिर 7-7 किया. ब्रेक के समय उनके पास 11-8 की बढ़त थी.

चीन ने खिलाड़ी ने ब्रेक के बाद बैकलाइन के शानदार इस्तेमाल से स्कोर को 15-15 किया. उन्होंने प्रणय के शरीर पर स्मैश लगाकर एक बार फिर 19-19 से बराबरी की. वेंग ने यहां ‘मेडिकल टाइम आउट’ लिया और वापसी के बाद भी प्रणय को कड़ी टक्कर देते हुए स्कोर को 21-21 किया. प्रणय ने हालांकि इसके बाद लगातार दो अंक के साथ मुकाबला जीत लिया.

प्रणय ने तीसरे गेम में भी लय बरकरार रखते हुए 6-3 की बढ़त ली. उनकी यह तीन अंक की बढ़त ब्रेक के समय भी जारी रही. वेंग की गलतियों का फायदा उठाते हुए प्रणय ने 15-9 की बढ़त बनायी लेकिन चीन के खिलाड़ी इस छह अंक के अंतर को तीन अंक (17-14) कर दिया. प्रणय ने शानदार स्मैश लगाकर स्कोर को 19-14 किया.

वेंग ने इसके बाद लगातार तीन अंक जीते. उन्होंने प्रणय के साथ 71 शॉट के रैली को जीतने के बाद स्को को 18-19 और फिर 19-19 कर दिया. प्रणय ने इसके बाद नेट के शानदार इस्तेमाल से चैम्पियनशिप प्वाइंट जीतने का मौका बनाया लेकिन किस्मत ने वेंग का साथ दिया और शटल नेट से टकराने के बाद उनकी ओर गिर गयी. वेंग ने इसके बाद लगातार अंक जुटा कर चैम्पियनशिप प्वाइंट हासिल किया. उनके स्मैश पर प्रणय शटल को कोर्ट से बाहर मार बैठे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu