Hyundai Bayon : 9.99 लाख में लॉन्च हुई की नई SUV, इन कंपनियों की कारों से होगी टक्कर, देखिए वीडियो,

Author: Navabharat News Group
UPDATED: Mon, 26 Oct 2026 03:08 PM
Hyundai Bayon : 9.99 लाख में लॉन्च हुई की नई SUV, इन कंपनियों की कारों से होगी टक्कर, देखिए वीडियो,
ऑडियो सुनें

हुंडई मोटर इंडिया ने अपनी नई SUV Hyundai Bayon को ₹9.99 लाख रुपए की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत पर लॉन्च किया है. खास बात ये है कि भारत में तैयार होने वाली इस SUV को 50 से ज्यादा देशों के बाजारों में भी एक्सपोर्ट किया जाएगा. यह हुंडई का क्रेटा से छोटा और वेन्यू से बड़ा मॉडल है. भारतीय बाजार में SUV का मुकाबला मारुति ब्रेजा, मारुति विक्टोरिस और टाटा नेक्सॉन जैसी कारों से होगा.

हुंडई बेयॉन को 7 वेरिएंट में खरीदा जा सकेगा. इनके नाम HX2, HX3, HX3+, HX5, HX6, HX8 और HX10 हैं. IVT ऑटोमैटिक गियरबॉक्स का ऑप्शन HX5, HX6, HX8 और HX10 वेरिएंट में मिलेगा. बड़ी बात ये है कि हुंडई बेयॉन का CNG मॉडल जनवरी 2027 में लॉन्च किया जाएगा. कंपनी ने अभी सभी वेरिएंट की अलग-अलग कीमतों का खुलासा नहीं किया है. कार के लिए कुल 10 कलर ऑप्शन दिए गए हैं. इनमें 6 सिंगल-टोन कलर, दो डुअल-टोन ऑप्शन और दो मैट फिनिश शामिल हैं. हालांकि, सभी फीचर्स हर वेरिएंट में नहीं मिलेंगे.

हुंडई बेयॉन में 1,497 सीसी का चार सिलेंडर वाला पेट्रोल इंजन दिया गया है. यह इंजन 115 पीएस की पावर और 143.8 एनएम का टॉर्क पैदा करता है. ग्राहकों को इसमें 6-स्पीड मैनुअल और आईवीटी ऑटोमैटिक गियरबॉक्स का विकल्प मिलेगा. ऑटोमैटिक वर्जन में डैश बूस्ट मोड दिया गया है, जो ओवरटेकिंग के दौरान बेहतर परफॉर्मेंस देता है. इसमें ईको, नॉर्मल और स्पोर्ट ड्राइविंग मोड भी मिलते हैं. स्टीयरिंग पर ड्राइव मोड बटन और पैडल शिफ्टर्स की सुविधा भी दी गई है. इसके अलावा, ट्रैफिक में रुकने पर ईंधन बचाने के लिए आइडल स्टॉप एंड गो फीचर भी मिलेगा.

हुंडई बेयॉन की लंबाई 4,245 मिमी, चौड़ाई 1,810 मिमी और ऊंचाई 1,605 मिमी है. इसमें 2,600 मिमी का व्हीलबेस मिलता है. कंपनी के मुताबिक, इसका ग्राउंड क्लीयरेंस 205 मिमी है. कार के बाहरी डिजाइन में H-H एलईडी डीआरएल, एलईडी टेल लैंप, डुअल एलईडी प्रोजेक्टर हेडलैंप और रूफ रेल्स मिलते हैं. इसके चुनिंदा वेरिएंट में 17 इंच के डायमंड-कट अलॉय व्हील भी दिए जाएंगे. केबिन में ब्लैक और ऑलिव-ग्रे कलर का इस्तेमाल किया गया है. कुछ वेरिएंट में लेदर जैसी दिखने वाली लेदरेट सीटें और एंबिएंट लाइटिंग भी मिलेगी.

दो बड़ी स्क्रीन और जनरेटिव AI जैसे फीचर्स
हुंडई बेयॉन की सबसे खास सुविधाओं में कंपनी का नया इन-बिल्ट जनरेटिव AI वॉयस असिस्टेंट शामिल है. इसमें Perplexity की AI तकनीक और SoundHound AI की वॉयस टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल किया गया है. इसकी मदद से ड्राइवर यात्रा, मौसम, रेस्टोरेंट, खबरों और खेल से जुड़े सवाल पूछ सकते हैं. फिलहाल यह एआई असिस्टेंट अंग्रेजी भाषा में काम करता है. कार में चुनिंदा वेरिएंट के साथ कनेक्टेड कार नेविगेशन कॉकपिट (ccNC) भी मिलेगा. इसमें राउंड पैनोरमिक डिजाइन में दो 12.3 इंच की स्क्रीन दी गई हैं. नेविगेशन सिस्टम में एनवीडिया की तकनीक का इस्तेमाल किया गया है.

इसके अलावा, कार में वायरलेस एंड्रॉयड ऑटो और एप्पल कारप्ले, 70 से ज्यादा ब्लूलिंक कनेक्टेड फीचर्स और ओवर-द-एयर सॉफ्टवेयर अपडेट की सुविधा मिलेगी. कंपनी के मुताबिक, इसमें 500 से ज्यादा वॉयस कमांड, बोस साउंड सिस्टम और तीन साल की मुफ्त ब्लूलिंक सदस्यता भी दी जाएगी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Navabharat News Group