केंद्रीय जांच एजेंसियों की चिंता नहीं करता: मुख्यमंत्री स्टालिन

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 30 Apr 2025 07:04 PM
केंद्रीय जांच एजेंसियों की चिंता नहीं करता: मुख्यमंत्री स्टालिन
ऑडियो सुनें

चेन्नई. तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के अध्यक्ष एमके स्टालिन ने बुधवार को कहा कि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) समेत कोई भी केंद्रीय जांच एजेंसी हो, उनके लिए किसी तरह की चिंता की कोई बात नहीं है. यहां एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए स्टालिन ने कहा कि द्रमुक शासन ने दूसरों के लिए रास्ता दिखाया है. उन्होंने कहा कि वर्ष 2021 के विधानसभा चुनाव से पहले किए गए सभी वादे पूरे किए जा रहे हैं.

उन्होंने पार्टी के एक पदाधिकारी की उस टिप्पणी का जिक्र किया जिसमें कहा गया है कि द्रमुक मोर्चा 2026 के विधानसभा चुनाव में कुल 234 सीट में से 220 सीट पर जीत दर्ज करेगा. इसके साथ ही स्टालिन ने कहा कि अगर उनकी पार्टी सभी सीट पर जीत दर्ज करती है तो भी कोई आश्चर्य नहीं होना चाहिए.

उन्होंने कहा, ”इसका कारण यह है कि मैं जहां भी जाता हूं, वहां इस तरह का स्वागत देखता हूं. जब भी मैं किसी जिले का दौरा करता हूं, तो लगभग चार-पांच किलोमीटर पैदल चलता हूं और इस दौरान मैं भव्य स्वागत करने के लिए उमड़ी भारी भीड़ देखता हूं.” स्टालिन ने कहा कि कोई भी विरोध करे और प्रतिद्वंद्वियों (अन्नाद्रमुक-भाजपा) के गठबंधन की संरचना चाहे जो हो, द्रमुक लड़ने के लिए पूरी तरह से दृढ. है. स्टालिन ने कहा, ”चाहे आयकर विभाग हो, केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) हो या प्रवर्तन निदेशालय, कोई भी विभाग हो, कोई चिंता की बात नहीं है.” स्टालिन के पूर्व कैबिनेट सहयोगी वी सेंथिल बालाजी और के पोनमुडी विभिन्न मामलों में ईडी की जांच के दायरे में हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu