मुझे भारत, भारतीय प्रशंसकों से बहुत प्यार है: क्रिस हेम्सवर्थ

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 24 Sep 2024 08:40 PM
मुझे भारत, भारतीय प्रशंसकों से बहुत प्यार है: क्रिस हेम्सवर्थ
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. पांच साल पहले, भारत के एक सिनेमा हॉल में प्रशंसकों ने ”एवेंजर: इनफिनिटी वॉर” में थॉर की एंट्री का जश्न हवा में पॉपकॉर्न उड़ाते हुए मनाया था. अभिनेता क्रिस हेम्सवर्थ का कहना है कि यह एक स्थायी छवि है और उन्होंने इससे पहले ऐसा कुछ नहीं देखा था.

सुपरहीरो थॉर की भूमिका ने हेम्सवर्थ को स्टारडम की बुलंदियों तक पहुंचा दिया. हॉलीवुड अभिनेता ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ”मुझे भारत से प्यार है. मुझे भारतीय प्रशंसक बहुत पसंद हैं.” हेम्सवर्थ ने कहा कि जब भी वह भारत आते हैं, तो उस स्क्रीनिंग की तस्वीरें उन्हें याद आती हैं. भारत ही वह जगह है जहां उन्होंने अपनी 2020 की फिल्म ”एक्सट्रैक्शन” का एक महत्वपूर्ण हिस्सा शूट किया था.
अभिनेता ने कहा, ”मुझे ‘इनफिनिटी वॉर’ के दौरान ‘ब्रिंग मी थानोस’ वाला पल याद है. भारत के एक सिनेमा हॉल का फुटेज था, जहां ऐसा हुआ था और लोग कुर्सी से पॉपकॉर्न फेंक रहे थे, मैंने ऐसा पहले कभी नहीं देखा था.”

ऑस्ट्रेलियाई अभिनेता ने डिजिटल माध्यम से दिए साक्षात्कार में कहा कि जब भी वह भारत आते हैं तो उस पल की उन्हें याद आती है. इस दृश्य में अभिनेता को थॉर के रूप में दिखाया गया है, जो 2018 की फिल्म में शानदार एंट्री करता है और दुश्मन सेना और फिल्म के मुख्य खलनायक थानोस को चुनौती देते हुए ”ब्रिंग मी थानोस” कहता है.

हॉलीवुड अभिनेता प्रशंसकों की अब एक और पसंदीदा फ्रेंचाइजी ”ट्रांसफॉर्मर्स” से जुड़ गए हैं. ”ट्रांसफॉर्मर वन” में एक किरदार को अपनी आवाज देने वाले हेम्सवर्थ को उम्मीद है कि यह फिल्म भारत में भी दर्शकों को पसंद आएगी. पिछले सप्ताह भारतीय सिनेमाघरों में रिलीज हुई एनिमेटेड फिल्म ”ट्रांसफॉर्मर्स वन” इस फ्रेंचाइजी की पिछली फिल्मों की ‘प्रीक्वल’ है, जो एलियन रोबोट के दो गुटों, ऑटोबॉट्स और डिसेप्टिकॉन्स के ईद-गिर्द घूमती है. हेम्सवर्थ ने कहा, ”इसमें शामिल विषय दुनिया भर के दर्शकों के लिए प्रासंगिक हैं. दृश्यात्मक रूप से यह अद्भुत है. यह फिल्म वास्तव में महाकाव्य है और हम सभी को इस पर बहुत गर्व है.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu