आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी: विजेता को मिलेगी 22.40 लाख डॉलर की पुरस्कार राशि

Author: navabharat digital
UPDATED: Fri, 14 Feb 2025 02:03 PM
आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी: विजेता को मिलेगी 22.40 लाख डॉलर की पुरस्कार राशि
ऑडियो सुनें

दुबई: अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने पाकिस्तान और संयुक्त अरब अमीरात में 19 फरवरी से शुरू होने वाली चैंपियंस ट्रॉफी की पुरस्कार राशि में 53 प्रतिशत की बढ़ोतरी की है और अब विजेता टीम को 22 लाख 40 हजार डॉलर (लगभग 20 करोड रुपए) मिलेंगे।

उपविजेता को इसकी आधी राशि 11 लाख 20 हजार डॉलर (9.72 करोड़ रुपये) मिलेगी। सेमीफाइनल में हारने वाली टीमों को 560,000 डॉलर (4.86 करोड़ रुपये) मिलेंगे। कुल पुरस्कार राशि 60 लाख 90 हजार डॉलर (लगभग 60 करोड़ रुपये) कर दी गई है।

आईसीसी के अध्यक्ष जय शाह ने बयान में कहा, ‘‘यह पुुरस्कार राशि खेल में निवेश करने और हमारी प्रतियोगिताओं की वैश्विक प्रतिष्ठा बनाए रखने के लिए आईसीसी की प्रतिबद्धता को दिखाती है।’’ किसी भी टीम को ग्रुप चरण में जीत हासिल करने पर 34,000 डॉलर (30 लाख रुपये) की पुरस्कार राशि मिलेगी। पांचवें या छठे स्थान पर रहने वाली प्रत्येक टीम को 350,000 डॉलर (तीन करोड़ रुपये) , जबकि सातवें और आठवें स्थान पर रहने वाली टीमों को 140,000 अमेरिकी डॉलर (1.2 करोड़ रुपये) मिलेंगे।

इसके अलावा प्रतियोगिता में भाग लेने वाली सभी आठ टीमों में से प्रत्येक को 125,000 डॉलर (1.08 करोड़ रुपये) की गारंटी मिलेगी। पाकिस्तान 1996 के बाद पहली बार आईसीसी की किसी प्रतियोगिता की मेजबानी कर रहा है। भारतीय टीम हालांकि सुरक्षा कारणों से पाकिस्तान का दौरा नहीं कर रही है और वह अपने सभी मैच दुबई में खेलेगी। रोहित शर्मा की अगुवाई वाली भारतीय टीम अपना पहला मैच 20 फरवरी को बांग्लादेश के खिलाफ खेलेगी।

पाकिस्तान में होने वाले मैच कराची, लाहौर और रावलंिपडी में खेले जाएंगे। इस टूर्नामेंट में भाग ले रही आठ टीमों को दो ग्रुप में बांटा गया है। प्रत्येक ग्रुप से शीर्ष पर रहने वाली दो टीम सेमीफाइनल में जगह बनाएंगी।
आईसीसी अध्यक्ष ने कहा, ‘‘आईसीसी पुरुष चैंपियनशिप ट्रॉफी 2025 क्रिकेट के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। इस टूर्नामेंट की फिर से वापसी हो रही है जिसमें वनडे में सर्वश्रेष्ठ प्रतिभाएं भाग लेती हैं और इसका हर मैच महत्वपूर्ण है।’’

पुरुष चैंपियंस ट्रॉफी का आयोजन 2009 से 2017 तक प्रत्येक चार साल में किया गया लेकिन इसके बाद कोविड और इसकी प्रासंगिकता को लेकर उठ रहे सवालों के कारण इसे स्थगित कर दिया गया था। इस टूर्नामेंट की शुरूआत 1998 हुई थी और इसका आयोजन तब प्रत्येक दो साल में किया जाता था।
महिला चैंपियंस ट्रॉफी टी20 प्रारूप में 2027 में शुरू होगी।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital