अगर तेलंगाना में कांग्रेस सत्ता में आई, तो ‘बिचौलिया युग’ शुरू हो जाएगा : के. चंद्रशेखर राव

हैदराबाद. तेलंगाना के मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव ने रविवार को विपक्षी दल कांग्रेस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि अगर पार्टी राज्य में सत्ता में आई, तो सरकारी कार्यालयों में ”बिचौलिया युग” शुरू हो जाएगा. तेलंगाना में विधानसभा चुनाव साल के अंत में प्रस्तावित हैं.

यहां से लगभग 140 किलोमीटर दूर सूर्यापेट में एक रैली को संबोधित करते हुए राव ने राज्य में सत्ता में आने पर सामाजिक पेंशन के रूप में 4,000 रुपये देने के वादे को लेकर कांग्रेस पर हमला बोला और पूछा कि ऐसी योजना कांग्रेस शासित राज्यों में क्यों लागू नहीं की जा रही है.

केसीआर ने दावा किया, ”कांग्रेस, जिसने 50 वर्षों तक शासन किया, सामाजिक पेंशन के रूप में केवल 200 रुपये देती थी. अब वे कहते हैं, ‘हमें एक मौका दें, हम इसे 4000 रुपये कर देंगे.” मुख्यमंत्री ने पूछा, ”क्या कांग्रेस इसे छत्तीसगढ़ में दे रही है, जहां उनका शासन है? क्या वे इसे कर्नाटक में दे रहे हैं? क्या वे इसे राजस्थान में दे रहे हैं? क्या प्रत्येक राज्य के लिए अलग नीति है.”

कांग्रेस के कथित खराब शासन के लिये उसपर निशाना साधते हुए राव ने आरोप लगाया कि पड़ोसी राज्य कर्नाटक में जब से उसने(कांग्रेस ने) सत्ता की बागडोर संभाली है, बेंगलुरु शहर को बिजली कटौती का सामना करना पड़ रहा है. इससे पहले दिन में, राव ने सूर्यापेट में एकीकृत जिला कलेक्टरेट का उद्घाटन किया.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button