सरकार मणिपुर पर चर्चा को तैयार है तो फिर विपक्ष क्यों भाग रहा है: भाजपा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 24 Jul 2023 09:15 PM
सरकार मणिपुर पर चर्चा को तैयार है तो फिर विपक्ष क्यों भाग रहा है: भाजपा
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सोमवार को आरोप लगाया कि विपक्ष मणिपुर हिंसा पर संसद में चर्चा से भाग रहा है क्योंकि वह नहीं चाहता कि कुछ तथ्य सामने आएं. केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने यहां भाजपा मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन में कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने विपक्ष के सभी सदस्यों से मणिपुर से संबंधित मुद्दों पर चर्चा या बहस शुरू करने की अपील की.

ईरानी ने कहा कि शाह ने संसद में बार-बार कहा कि गृह मामलों के प्रभारी मंत्री के रूप में वह ‘कुछ तथ्यों’ को प्रकाश में लाना चाहेंगे.
उन्होंने आरोप लगाया, ”चौंकाने वाली बात यह है कि विपक्षी दल तथ्यों को सामने नहीं आने देने की जिद कर रहे हैं.” उन्होंने कहा कि मणिपुर का मुद्दा आंतरिक और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ा है.

ईरानी ने कहा, ”जब गृह मंत्री उनसे आकर चर्चा करने को कह रहे हैं तो मणिपुर हिंसा के ऐसे कौन से तथ्य हैं जिन्हें कांग्रेस छिपाना चाहती है.” शाह ने सोमवार को विपक्ष से मणिपुर मुद्दे पर संसद में चर्चा शुरू करने की अपील की लेकिन लोकसभा और राज्यसभा में गतिरोध बना रहा क्योंकि दोनों पक्ष अपने-अपने रुख पर अड़े हुए हैं. संसद के मानसून सत्र में मणिपुर हिंसा की गूंज है. पहले दिन से ही विपक्ष इस मुद्दे पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से सदन में बयान देने और चर्चा कराने की मांग कर रहा है.

राज्यसभा में सरकार नियम 176 के तहत चर्चा को तैयार हो गई है लेकिन विपक्ष इस मुद्दे पर पहले प्रधानमंत्री का बयान और फिर नियम 267 के तहत चर्चा की मांग पर अड़ा है. लोकसभा में भी इस मुद्दे पर सरकार और विपक्ष के बीच गतिरोध कायम है. इससे पहले, भाजपा मुख्यालय में ही संवाददाताओं के सवालों का जवाब देते हुए केंद्रीय मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने भी मणिपुर हिंसा पर संसद में चर्चा से भागने का विपक्ष पर आरोप लगाया और दावा किया कि उसे डर है कि यदि उंगली पूर्वोत्तर के हिंसाग्रस्त राज्य पर उठेगी तो कई उंगलियां कांग्रेस शासित प्रदेशों पर भी उठेंगी.

भाजपा नेता ने एक सवाल के जवाब में कहा, ”मणिपुर पर निश्चित रूप से चर्चा होनी चाहिए. सरकार चर्चा चाहती है लेकिन विपक्ष भाग रहा है.” उन्होंने कहा, ”वह (विपक्ष) भाग इसलिए रहा है क्योंकि मणिपुर पर जब चर्चा होगी तो एक उंगली मणिपुर पर उठेगी और तीन उंगलियां राजस्थान, छत्तीसगढ. और मध्य प्रदेश की तरफ भी उठती हुई दिखाई देंगी. कई उंगलियां इधर-उधर कांग्रेस शासित प्रदेशों में भी उठती हुई दिखाई देंगी. ये जो उंगलियों का डर है, वह विपक्ष को इस चर्चा से भागने पर मजबूर कर रहा है.” राजस्थान और छत्तीसगढ. में कांग्रेस की जबकि मध्य प्रदेश में भाजपा की सरकार है.

मणिपुर मुद्दे पर सरकार चर्चा को तैयार, विपक्ष चर्चा होने दे और सच्चाई सामने आने दे : अमित शाह

मणिपुर के मुद्दे पर संसद में जारी गतिरोध के बीच गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को लोकसभा में कहा कि सरकार इस बेहद संवेदनशील मुद्दे पर चर्चा को तैयार है और विपक्ष से आग्रह है कि वे चर्चा होने दें और सच्चाई सामने आने दें. संसद का मानसून सत्र शुरू होने के बाद से ही विपक्ष दलों के सदस्य मणिपुर हिंसा के मुद्दे पर सदन में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के बयान और फिर चर्चा कराने की मांग कर रहे हैं. इसके कारण संसद के दोनों सदनों में कामकाज बाधित रहा है.

सोमवार को तीन बार के स्थगन के अपराह्न ढाई बजे कार्यवाही शुरू होने पर गृह मंत्री अमित शाह ने लोकसभा में कहा कि सरकार मणिपुर के मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार है और विपक्ष से आग्रह है कि वे चर्चा होने दें और सच्चाई सामने आने दें. उन्होंने कहा, ” सदस्यों से आग्रह है कि बहुत संवेदनशील मुद्दे पर सत्ता पक्ष और विपक्ष..दोनों ओर के सदस्यों ने चर्चा की मांग की है. मैं सदन में चर्चा के लिए तैयार हूं.” शाह ने कहा, ”मुझे नहीं मालूम कि विपक्ष संसद में चर्चा क्यों नहीं होने दे रहा है.” गृह मंत्री ने कहा, ” मेरा विपक्ष के नेताओं से आग्रह है कि चर्चा होने दें और इस महत्वपूर्ण मुद्दे पर पूरे देश के सामने सच्चाई आने दें.”

 

नवभारत डिजिटल टॉप स्टोरी

  1. 1 VIDEO भाजपा नेता को कारण बताओ नोटिस, अश्लील वीडियो वायरल होने के बाद का एक्शन
  2. 2 Berlin Dialogue यूरोपीय देशों को आईना दिखाया केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने, बोले- दुनिया की 17 प्रतिशत आबादी हमारी, मगर कार्बन उत्सर्जन में आप हमसे 15 प्रतिशत ज्यादा हैं’ WATCH VIDEO
  3. 3 Today’s news : 4 देशों में भूकंप, 4 राज्यों में विधान परिषद के चुनाव, 4 राज्यों में मूसलाधार बारिश, खेल में भारत को दो नए गोल्ड, जानिए प्रमुख खबरें
  4. 4 23 अक्टूबर 2026 का दैनिक राशिफल: शुक्रवार का दिन माता लक्ष्मी और शुक्र ग्रह की उपासना के लिए खास माना जाता है। जानिए करियर, धन, सेहत और रिश्तों के लिहाज से आपकी राशि के लिए आज का दिन कैसा रहेगा।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu