बुलडोजर चलाना है तो मेरे घर पर चलाओ, मैं डरने वाला नहीं हूं: अजय राय

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 25 Sep 2023 08:38 PM
बुलडोजर चलाना है तो मेरे घर पर चलाओ, मैं डरने वाला नहीं हूं: अजय राय
ऑडियो सुनें

बरेली. कांग्रेस की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष अजय राय ने सोमवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार को चुनौती देते हुए कहा कि ‘बुलडोजर चलाना है तो मेरे घर पर चलाओ, मैं डरने वाला नहीं हूं.’ रविवार देर रात यहां पहुंचे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने सोमवार को र्सिकट हाउस में पत्रकारों से बातचीत में आरोप लगाया कि मोदी-योगी (प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और उप्र के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ) की सरकारें दमनकारी हैं, प्रदेश में जंगलराज कायम है.

उन्होंने कहा कि ”जिस ईडी-सीबीआई एवं बुलडोजर से (विपक्षी दल के नेताओं को) डराया जाता है, मैं उस बुलडोजर का मुंह मोड़ दूंगा. लाठी- गोली चलेगी तो छाती खोलकर खड़ा हो जाऊंगा, लेकिन पीठ नहीं दिखाऊंगा.” कांग्रेस नेता ने कहा, ” मैं सरकार को चुनौती देता हूँ कि बुलडोजर चलाना है तो मेरे घर पर चलाओ, मैं डरने वाला नहीं हूं. कार्यकर्ता मुझे जितनी ताकत देगें, उसका दस गुना ताकत उन्हे दूंगा.”

अलखनाथ मंदिर पर पूजा के बाद दरगाह आला हजरत पर भी उन्होंने हाजिरी दी. कोतवाली के सामने बाबा साहब आंबेडकर की प्रतिमा, पटेल चौक पर सरदार पटेल की प्रतिमा, चौकी चौराहे पर पंडित जवाहर लाल नेहरू और महात्मा गांधी की प्रतिमा पर उन्होंने माल्यार्पण किया.

राय ने कहा, ”मैं महादेव की नगरी से आया हूँ. हिंदू-मुस्लिम, सिख, ईसाई — सभी धर्म के लोग एक समान हैं.” उन्होंने योगी सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में जंगलराज कायम हो गया है, कोई भी सुरक्षित नहीं रह गया है. राय ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार लोगों में नफरत घोलने का काम कर रही है. उन्होंने कहा कि सुल्तानपुर में सरकारी डॉक्टर की पीट-पीट कर हत्या कर दी गई, दबंगो का दुस्साहस तो देखिए.

कांग्रेस कार्यकर्ताओं को प्रेरित करते हुए उन्होंने कहा , ”2024 में आप राहुल गांधी को प्रधानमंत्री के रूप में देखना चाहते हैं तो सबसे बड़ी जिम्मेदारी उत्तर प्रदेश की है. चूक गये, कमजोर पड़ गये तो राहुल गांधी को प्रधानमंत्री नहीं बना पायेगें.” राय ने कहा कि इसके लिए कार्यकर्ताओं को जमीनी स्तर पर काम करना होगा तथा दिन-रात मेहनत करनी होगी.

वाराणसी संसदीय क्षेत्र में अजय राय 2014 एवं 2019 के आम चुनावों में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ कांग्रेस के उम्मीदवार थे. प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद वह पहली बार बरेली दौरे पर आये. उन्होंने कहा कि कांग्रेस और राहुल गांधी का अमेठी से रिश्ता राजनीतिक नहीं बल्कि पीढि.यों का है और उन्हें विश्वास है कि आगामी लोकसभा चुनाव में अमेठी के लोग भारी अंतर से राहुल की जीत सुनिश्चित करेगें.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu