तेहरान से तुरंत बाहर निकलें’, ईरान-इस्राइल संघर्ष बढ़ने पर भारत की अपने नागरिकों के लिए नई एडवाइजरी

Author: navabharat digital
UPDATED: Tue, 17 Jun 2025 12:12 PM
तेहरान से तुरंत बाहर निकलें’, ईरान-इस्राइल संघर्ष बढ़ने पर भारत की अपने नागरिकों के लिए नई एडवाइजरी
ऑडियो सुनें

नई दिल्ली: ईरान और इस्राइल के बीच जारी संघर्ष के और बढ़ने पर भारत ने अपने नागरिकों के लिए नई एडवाइजरी जारी की है। भारत ने अपने लोगों से तुरंत तेहरान छोड़ने को कहा है। उनसे भारतीय दूतावास के संपर्क में रहने और तेहरान से बाहर आने के लिए उचित व्यवस्था न हो पाने तक सुरक्षित स्थान पर रहने को कहा गया है।

ईरान में भारतीय दूतावास ने कहा कि सभी भारतीय नागरिक और पर्सन ऑफ इंडियन ओरिजिन (भारतीय मूल के व्यक्ति) जो अपने संसाधनों का उपयोग करके तेहरान से बाहर जा सकते हैं, उन्हें शहर के बाहर सुरक्षित स्थान पर जाने की सलाह दी जाती है।

ईरान में भारतीय दूतावास ने उन सभी भारतीय नागरिकों से अनुरोध किया है जो तेहरान में हैं और दूतावास के संपर्क में नहीं हैं कि वे तुरंत दूतावास से संपर्क करें और अपना स्थान और संपर्क नंबर प्रदान करें। संपर्क नंबर +989010144557, +989128109115 और +989128109109 हैं।

विदेश मंत्रालय ने कहा, ‘तेहरान में भारतीय छात्रों को दूतावास की ओर से की गई व्यवस्था के माध्यम से सुरक्षा कारणों से शहर से बाहर निकाल दिया गया है। परिवहन के मामले में आत्मनिर्भर अन्य निवासियों को भी शहर से बाहर जाने की सलाह दी गई है। इसके अलावा कुछ भारतीयों को आर्मेनिया की सीमा के माध्यम से ईरान छोड़ने की सुविधा दी गई है। दूतावास सभी संभव सहायता प्रदान करने के उद्देश्य से समुदाय के साथ लगातार संपर्क में है।’

भारतीय छात्रों को सुरक्षित वापस लाने की प्रक्रिया शुरू

इससे पहले ईरान-इस्राइल के बीच बढ़े सैन्य तनाव के बीच भारतीय विदेश मंत्रालय ने ईरान से भारतीय छात्रों को सुरक्षित वापस लाने की प्रक्रिया शुरू कर दी थी। तीन विश्वविद्यालयों के छात्रों को फिलहाल सुरक्षित जगह पहुंचाया गया है। अन्य छात्रों को भी स्थानांतरित किया जा रहा है। ईरान में करीब 1500 कश्मीरियों समेत 10 हजार भारतीय छात्र हैं। अधिकतर छात्र मेडिकल की पढ़ाई के लिए वहां हैं।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By navabharat digital