नयी दिल्ली. केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने सोमवार को लोकसभा में पिछले 75 वर्षों में देश की संसदीय यात्रा पर चर्चा के दौरान यूरोपीय संसद का उल्लेख होने को लेकर विपक्ष पर तुच्छ राजनीति करने का आरोप लगाया. लोकसभा में ‘संविधान सभा से शुरू हुई 75 वर्षों की संसदीय यात्रा- उपलब्धियां, अनुभव, यादें और सीख’ विषय पर चर्चा में भाग लेते हुए द्रमुक सांसद ए राजा ने इस बात का उल्लेख किया कि मणिपुर संकट पर यूरोपीय संसद में चर्चा हुई.
इस पर वाणिज्य मंत्री गोयल ने आपत्ति जताई और कहा, ”संसदीय लोकतंत्र के 75 वर्षों पर आज की चर्चा का स्वर प्रधानमंत्री मोदी द्वारा निर्धारित किया गया और कुछ को छोड़कर लगभग सभी दलों ने इसका अनुसरण किया.” उन्होंने कहा, ”यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि कुछ सदस्य तुच्छ राजनीति में लिप्त हैं और कुछ फायदे हासिल करने के लिए चर्चा के स्तर को गिरा रहे हैं.” भाजपा के वरिष्ठ नेता रविशंकर प्रसाद ने राजा पर निशाना साधते हुए कहा कि क्या वह सनातन धर्म पर अपनी टिप्पणी के लिए माफी मांगेंगे.