तेज गति से विकास के लिए बिजली उत्पादन ब­ढ़ाना जरूरी: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी

प्रधानमंत्री मोदी ने राजस्थान को 1.22 लाख करोड़ रुपये की परियोजनाओं की सौगात दी

बांसवाड़ा. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार पर बिजली के महत्व की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि 21वीं सदी में जिस देश को तेज गति से विकास करना है उसे अपने यहां बिजली उत्पादन ब­ढ़ाना ही होगा. मोदी ने बांसवाड़ा के नापला में विभिन्न परियोजनाओं के शिलान्यास एवं उद्घाटन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए यह बात कही.

उन्होंने कहा,”हमारे देश में कांग्रेस की सरकार ने बिजली के महत्व पर ध्यान ही नहीं दिया. जब 2014 में आपने मुझे सेवा का अवसर दिया और मैंने दायित्व संभाला, तो देश के ढाई करोड़ घर ऐसे थे, जहां बिजली का कनेक्शन नहीं था. आजादी के 70 साल बाद भी देश के 18 हजार गांवों में बिजली का खंभा तक नहीं लगा था. देश के बड़े-बड़े शहरों में घंटों-घंटों की बिजली कटौती होती थी. गांवों में तो चार-पांच घंटे बिजली आ जाए तो बड़ी बात होती थी.” मोदी ने माही बांसवाड़ा राजस्थान परमाणु ऊर्जा परियोजना की आधारशिला रखी, जिसकी लागत लगभग 42,000 करोड़ रुपये है.

उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा,”और उस समय (कांग्रेस के शासन में) लोग एक-दूसरे को बधाई देते थे कि आज एक घंटा बिजली आयी थी, वो हाल थे और बिजली नहीं थी, तो फैक्टरियां भी नहीं चल पाती थीं. नए उद्योग नहीं लग पाते थे. राजस्थान समेत पूरे देश में यही हालत थी.” मोदी ने कहा,”2014 में हमारी सरकार ने इन हालातों को बदलने का संकल्प लिया. हमने देश के हर गांव तक बिजली पहुंचाई. हमने ढाई करोड़ घरों को मुफ्त बिजली कनेक्शन दिया. और जहां-जहां बिजली के तार पहुंचें, वहां बिजली भी पहुंची, वहां लोगों की जिंदगी आसान हुई.” प्रधानमंत्री ने कहा,”21वीं सदी में जिस देश को तेज गति से विकास करना है, उसे अपने यहां बिजली उत्पादन ब­ढ़ाना ही होगा. और इसमें भी सबसे सफल वही देश होंगे जो स्वच्छ ऊर्जा में आगे रहेंगे.” उन्होंने कहा कि इसलिए भाजपा की केंद्र सरकार स्वच्छ ऊर्जा के अभियान को एक जन-आंदोलन बनाकर काम कर रही है.

प्रधानमंत्री ने इस कार्यक्रम के दौरान नवीकरणीय ऊर्जा, जलापूर्ति, बिजली, सड़क और बुनियादी ढांचे क्षेत्र में 1,22,100 करोड़ रुपये की कई परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया. कर सुधारों की चर्चा करते हुए मोदी ने कहा कि 11 साल पहले, कांग्रेस सरकार देश के लोगों का शोषण करने और लूटने में लगी हुई थी. उन्होंने कहा,”आज से 11 साल पहले, कांग्रेस के समय हालात इतने खराब क्यों थे? क्योंकि कांग्रेस सरकार देश के लोगों को ही लूट रही थी.” उन्होंने कहा,”कांग्रेस के समय में टैक्स और महंगाई, दोनों आसमान पर थी, आपने जब मोदी को आशीर्वाद दिया, तो हमारी सरकार ने कांग्रेस की लूट को बंद किया.” मोदी ने यह भी कहा कि 2017 में माल एवं सेवा कर (जीएसटी) लागू कर लोगों को ‘टोल एवं टैक्स’ के जंजाल से मुक्ति दिलाई गई.

जीएसटी दरों के सरलीकरण के हालिया फैसले की ओर इशारा करते हुए उन्होंने कहा, ”अभी नवरात्र के पहले दिन से फिर जीएसटी में बहुत बड़ा सुधार किया गया है. इसका नतीजा यह हुआ है कि आज पूरा भारत जीएसटी बचत उत्सव मना रहा है. हर रोज इस्तेमाल की जाने वाली ज़्यादातर चीजें सस्ती हो गईं हैं.” प्रधानमंत्री ने कहा,”2014 से पहले कांग्रेस सरकार 100 रुपये की खरीदारी पर 31 रुपये कर वसूलती थी. 2017 में जब जीएसटी लागू हुआ तो 100 रुपये की वही वस्तु 118 रुपये की हो गई यानी 100 रुपए की खरीद पर 13 रुपये की बचत हुई.” मोदी ने कहा कि 22 सितंबर को लागू जीएसटी सुधारों से चीजें और सस्ती हो गई हैं.

प्रधानमंत्री ने लोगों से भारत को आत्मनिर्भर बनाने के लिए अपनी खरीद-बिक्री की संस्कृति में ‘स्वदेशी’ अपनाने का भी आग्रह किया. उन्होंने कहा,”हमारा एक और लक्ष्य है- आत्मनिर्भर भारत का, हम किसी और पर निर्भर न रहे, यह अब बहुत आवश्यक है और उसका रास्ता स्वदेशी के रास्त से गुजरता है और इसलिए हमें स्वदेशी के मंत्र को भूलना नहीं है.” मोदी ने कहा,”मैं आप सभी से, खासकर के मेरे दुकानदार व्यापारियों से आग्रह करूंगा, हम जो बेचेंगे, वो स्वदेशी ही बेचेंगे. मैं देशवासियों से आग्रह करूंगा, हम जो खरीदेंगे, वो भी स्वदेशी ही खरीदेंगे.” उन्होंने कहा,”मेरी तो स्वदेशी की व्याख्या बहुत सरल है. कंपनी दुनिया के किसी भी देश की क्यों न हो, ब्रांड दुनिया के किसी भी देश की क्यों न हो, लेकिन वो (उसका उत्पाद) हिंदुस्तान में बनने वाला होना चाहिए, हिंदुस्तान के मेरे नौजवानों की मेहनत से बना हुआ होना चाहिए…… मेरे लिए वो सब स्वदेशी है.” मोदी ने यह भी कहा कि जब स्वदेशी उत्पाद खरीदे जाते हैं, तो उसका पैसा देश के कारीगरों और व्यापारियों के पास जाता है.

उन्होंने कहा, ”जब आप स्वदेशी खरीदते हैं, तो वह पैसा देश के ही किसी कारीगर, कामगार और व्यापारी के पास जाता है. वह पैसा देश के बाहर न जाकर, देश के विकास में लगता है. हमें स्वदेशी को अपना स्वाभिमान बनाना है.” प्रधानमंत्री ने कहा, ”कांग्रेस सरकार में राजस्थान पेपर-लीक का सेंटर बन गया था. जल जीवन मिशन को भी कांग्रेस ने भ्रष्टाचार की भेंट च­ढ़ा दिया था. महिलाओं पर अत्याचार चरम पर था, बलात्कारियों को संरक्षण दिया जा रहा था.” उन्होंने कहा कि भाजपा के सत्ता में आने के बाद, उसने राज्य में कानून-व्यवस्था को मजबूत किया और विकास परियोजनाओं को गति दी. उन्होंने कहा,”आज भाजपा सरकार राजस्थान को, दक्षिण राजस्थान को तेज विकास की राह पर आगे बढ़ा रही है.” कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री प्र”ाद जोशी, राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ बागडे, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा और दीया कुमारी, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे और अन्य नेता मौजूद थे.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button