भारत का सबसे तेजी से उभरती अर्थव्यवस्था बनना, महज एक इत्तेफाक नहीं है : प्रधानमंत्री मोदी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 18 Sep 2023 08:20 PM
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि भारत का सबसे तेजी से बढ.ती अर्थव्यवस्था के रूप में उभरना महज एक इत्तेफाक नहीं है क्योंकि इसके सरल और टिकाऊ समाधानों ने कमजोर और हाशिए पर पड़े लोगों को देश की विकास गाथा का नेतृत्व करने के लिए सशक्त बनाया है.

सूचना और प्रसारण मंत्रालय की ई-बुक, ‘पीपुल्स जी20’ में एक लेख में मोदी ने कहा कि जी20 अध्यक्ष के रूप में भारत ने वैश्विक मंच को बड़ा बनाने का संकल्प लिया, यह सुनिश्चित करते हुए कि हर आवाज सुनी जाए और हर देश योगदान दे सके. उन्होंने कहा, ”मैं इस बात को लेकर आश्वस्त हूं कि हमने कार्यों और परिणामों के साथ अपनी प्रतिज्ञा पूरी की है.” भारत नवंबर तक जी20 की अध्यक्षता करेगा और दिसंबर से ब्राजील इसकी कमान संभालेगा.

मोदी ने कहा कि भारत के लिए जी20 की अध्यक्षता महज एक उच्चस्तरीय कूटनीतिक प्रयास नहीं है क्योंकि ”लोकतंत्र की जननी और विविधता के मॉडल” के रूप में इसने दुनिया के लिए अनूठे अनुभव के द्वार खोले हैं. उन्होंने कहा कि आज बड़े पैमाने पर चीजों को पूरा करना एक ऐसा गुण है जो भारत से जुड़ा है और जी20 की अध्यक्षता कोई अपवाद नहीं है.

प्रधानमंत्री ने कहा, ”यह एक जन-आंदोलन बन गया है. भारत भर में 60 भारतीय शहरों में 200 से अधिक बैठकें आयोजित की गई हैं, जिसमें हमारी अध्यक्षता के कार्यकाल के अंत तक 125 देशों के लगभग 100,000 प्रतिनिधियों की मेजबानी शामिल है.” उन्होंने कहा कि भारत की जनसांख्यिकी, लोकतंत्र, विविधता और विकास के बारे में किसी और से सुनना एक बात है, तथा उन्हें सीधे अनुभव करना बिलकुल अलग है. मोदी ने विश्वास व्यक्त किया कि जी20 प्रतिनिधि इसकी पुष्टि करेंगे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu