
बालासोर. कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बृहस्पतिवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अग्निवीर योजना के जरिये “जवानों” को “मजदूर” बना दिया है. उन्होंने कहा कि भाजपा ने हाल ही में ओडिशा के लोगों का अपमान किया, जब उसके एक नेता ने कहा कि भगवान जगन्नाथ मोदी के भक्त हैं. भद्रक लोकसभा सीट के सिमुलिया में एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने संविधान और लोकतंत्र को बचाने का संकल्प लिया. गांधी ने घोषणा की कि ‘इंडिया’ गठबंधन की सरकार बनने पर खाद्यान्न पर न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) को कानूनी जामा पहनाया जाएगा, कृषि ऋण को माफ किया जाएगा और अग्निवीर योजना को खत्म कर दिया जाएगा.
गांधी ने यहां जनसभा से इतर संवाददाताओं से कहा, “हम अग्निवीर योजना को खत्म करने जा रहे हैं. प्रधानमंत्री ने जवानों को ‘मजदूर’ बना दिया है. हम जवानों को फिर से सैनिक बना देंगे.” उन्होंने कहा कि सभी जवानों को पेंशन, कैंटीन सुविधाएं मिलेंगी और उनकी मृत्यु की स्थिति में “शहीद” का दर्जा दिया जाएगा. उन्होंने बीजू जनता दल (बीजद) पर भाजपा के साथ साझेदारी में काम करने का आरोप लगाया. गांधी ने कहा कि वह भाजपा के खिलाफ लड़ रहे हैं, जिसकी वजह से केंद्र सरकार ने उनके खिलाफ मानहानि के 24 और आपराधिक मामले दायर किए हैं.
उन्होंने कहा, ”ईडी ने मुझसे 50 घंटे पूछताछ की, भाजपा ने मेरी लोकसभा सदस्यता छीन ली और यहां तक कि मेरा आधिकारिक आवास भी ले लिया. अगर नवीन बाबू वाकई भाजपा के खिलाफ लड़ रहे हैं, तो उनके खिलाफ इस तरह का कोई मामला क्यों नहीं है.” उन्होंने भाजपा और बीजद पर अरबपतियों के लिये, न कि गरीबों के लिये काम करने का आरोप लगाया. गांधी ने कहा, ”यहां सरकार पटनायक के करीबी सहयोगी वी के पांडियन चला रहे हैं, न कि मुख्यमंत्री. ओडिशा की संपत्ति को बीजद और भाजपा दोनों लूट रहे हैं.” उन्होंने कहा, ”तेलंगाना में बीआरएस और भाजपा के बीच गठबंधन था. कांग्रेस ने दोनों दलों के खिलाफ चुनाव लड़ा और उनकी रीढ. तोड़ दी.” गांधी ने कहा कि आज दक्षिणी राज्य में जनता की सरकार काम कर रही है.
उन्होंने कहा, ”गरीब लोगों को करोड़ों रुपये प्रदान किये जा रहे हैं और महिलाएं मुफ्त में बस में यात्रा कर रही हैं. हम इसे ओडिशा में दोहराने जा रहे हैं. हम बीजद-भाजपा की साझेदारी को खत्म करना चाहते हैं.” उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने अरबपतियों का 16 लाख करोड़ रुपये माफ किया है और कांग्रेस किसानों का कर्ज माफ करेगी.
उन्होंने कहा, ”’इंडिया’ गठबंधन की सरकार बनने पर वह महालक्ष्मी योजना लागू करेगी और किसानों, बेरोजगार युवाओं तथा अन्य के लिये दूसरी योजनाएं शुरू करेगी. हम किसानों को अनाज पर एमएसपी देने के लिये कानूनी प्रावधान करने जा रहे हैं.” कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर ओडिशा के लोगों का अपमान करने का आरोप लगाया, क्योंकि उसके एक नेता ने हाल ही में दावा किया था कि भगवान जगन्नाथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के भक्त हैं.
पुरी लोकसभा सीट से भाजपा के उम्मीदवार संबित पात्रा ने हाल ही में यह टिप्पणी की थी. पात्रा भगवान जगन्नाथ पर अपनी “जुबान फिसलने” के कारण विवाद में घिर गए थे. इसके बाद उन्होंने माफी मांगी और घोषणा की कि वह तीन दिनों तक उपवास रखकर प्रायश्चित करेंगे. भद्रक लोकसभा क्षेत्र के सिमुलिया में एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने भारत के संविधान और देश में लोकतंत्र को बचाने का भी संकल्प लिया.. कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि भाजपा और उसके सहयोगी देश के लोकतंत्र और संविधान को नष्ट करने के लिए एकजुट हुए हैं. गांधी ने कहा, “दुनिया की कोई भी ताकत हमारे संविधान को नष्ट नहीं कर सकती. आप (भाजपा) अपनी पूरी ताकत लगाकर भी संविधान को छू नहीं सकते.”



