भारत ने इजराइल से अपने नागरिकों को निकालने का किया फैसला

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 19 Jun 2025 09:51 PM
भारत ने इजराइल से अपने नागरिकों को निकालने का किया फैसला
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. भारत ने अपने उन नागरिकों को इजराइल से निकालने का फैसला किया है जो ईरान के साथ जारी संघर्ष के कारण इजराइल में उत्पन्न सुरक्षा स्थिति के मद्देनजर वहां से निकलना चाहते हैं. इजराइल के बीरशेबा इलाके में एक अस्पताल पर ईरानी मिसाइल के हमले के कुछ घंटों बाद भारत ने अपने नागरिकों को निकालने का फैसला किया.

विदेश मंत्रालय ने कहा, ”इजराइल और ईरान के बीच हाल में हुए घटनाक्रम के मद्देनजर, भारत सरकार ने उन भारतीय नागरिकों को इजराइल से निकालने का फैसला किया है जो वहां से वापस आना चाहते हैं.” मंत्रालय ने कहा कि वापस आने के इच्छुक भारतीयों को पहले इजराइल की भूमि सीमा के माध्यम से और उसके बाद हवाई मार्ग से भारत लाया जाएगा. भारत ने बुधवार को ईरान से अपने नागरिकों को निकालने के लिए ‘ऑपरेशन सिंधु’ शुरू करने की घोषणा की, क्योंकि इजराइल-ईरान के बीच संघर्ष कम होने का कोई संकेत नहीं दिखा.

विदेश मंत्रालय ने कहा, ”भारत सरकार विदेश में भारतीय नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देती है.” उसने कहा कि सरकार स्थिति पर बारीकी से नजर रख रही है. तेल अवीव में भारतीय दूतावास ने अपने पहले के परामर्शों को दोहराते हुए इजराइल में सभी भारतीय नागरिकों से सतर्क रहने और इजराइली अधिकारियों द्वारा जारी सुरक्षा दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करने का आग्रह किया है. विदेश मंत्रालय ने कहा कि तेल अवीव स्थित भारतीय दूतावास भारतीयों को निकालने की व्यवस्था करेगा.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu