भारत वैश्विक मानक स्थापित कर रहा है, पाकिस्तान लगातार संकट का सामना कर रहा: हिमंत

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 04 May 2025 07:49 PM
भारत वैश्विक मानक स्थापित कर रहा है, पाकिस्तान लगातार संकट का सामना कर रहा: हिमंत
ऑडियो सुनें

गुवाहाटी. असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने विभिन्न आर्थिक मापदंडों पर भारत-पाकिस्तान की तुलना करते हुए कहा कि भारत वैश्विक मानक स्थापित करके आगे बढ़ रहा है, लेकिन पाकिस्तान लगातार संकटों से जूझ रहा है. शर्मा ने शनिवार रात सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा कि भारत वर्तमान में दुनिया के सबसे गतिशील और दूरदर्शी देशों में से एक है.

उन्होंने कहा, ”पाकिस्तान बार-बार संकटों से जूझ रहा है और उसका प्रभाव भी दुनिया में खत्म होता रहा है जबकि भारत विकास, प्रौद्योगिकी और आत्मनिर्भरता में वैश्विक मानक स्थापित करते हुए आगे बढ़ रहा है.” शर्मा ने कहा कि भारत का सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) वर्तमान में 4.19 हजार अरब अमेरिकी डॉलर है जिससे भारत दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बना है जबकि पाकिस्तान की जीडीपी केवल 357 अरब अमेरिकी डॉलर है जो महाराष्ट्र जैसे एक राज्य के योगदान से भी कम है.

उन्होंने कहा, ”रेलवे से लेकर रॉकेट प्रक्षेपण तक भारत भविष्य के लिए निर्माण कर रहा है. रिकॉर्ड 688.13 अरब अमेरिकी डॉलर विदेशी मुद्रा भंडार के साथ, भारत सबसे मजबूत वित्तीय स्थिति में है.” मुख्यमंत्री ने दावा किया कि पाकिस्तान की बात करें तो विदेशी मुद्रा भंडार लगभग 15.66 अरब अमेरिकी डॉलर है. पहलगाम आतंकी हमले के बाद शर्मा बलूचिस्तान में सशस्त्र संघर्ष सहित पाकिस्तान के विभिन्न क्षेत्रों पर नियमित रूप से टिप्पणियां करते रहे हैं

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu