भारत ने UN में अफगानिस्तान पर पाकिस्तान के हवाई हमलों की कड़ी निंदा की

भारत ने कहा, निर्दोष नागरिक मारे गए, अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन; अफगान क्रिकेट टीम की प्रशंसा भी की

संयुक्त राष्ट्र में भारत ने अफगानिस्तान में पाकिस्तान की ओर से किए गए हवाई हमलों की कड़ी निंदा की है। भारत के स्थायी प्रतिनिधि पार्वथनेनी हरीश ने कहा कि इन हमलों ने निर्दोष नागरिकों के जीवन को खतरे में डाल दिया है और यह अंतरराष्ट्रीय कानून, संयुक्त राष्ट्र चार्टर और देश की संप्रभुता का उल्लंघन हैं।

उन्होंने बताया कि हाल ही में हुई इन हवाई कार्रवाइयों में 185 नागरिक मारे गए हैं, जिनमें लगभग 55 प्रतिशत महिलाएं और बच्चे हैं। इसके साथ ही, लाखों लोग विस्थापित हो चुके हैं। भारत ने यह भी कहा कि ये हमले रमजान के पवित्र महीने में हुए हैं, जो पूरी तरह से पाखंडपूर्ण हैं। भारत ने विश्व समुदाय से आग्रह किया है कि वे सभी पक्षों से मानवीय कानूनों का पालन करने और नागरिक सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील करें।

इसके अलावा, भारत ने अफगानिस्तान की युवाओं और क्रिकेट टीम की प्रशंसा की। पार्वथनेनी हरीश ने कहा कि अफगान क्रिकेट टीम अपने जोश और जज़्बे से हर जगह लोगों का दिल जीत रही है। भारत का मानना है कि इस तरह की खेल भावना और युवा प्रतिभाएँ देश की सकारात्मक छवि को मजबूत करती हैं।

भारत ने आतंकवाद के खिलाफ वैश्विक समन्वय की भी बात की। उन्होंने कहा कि लश्कर-ए-तैयबा, जैश-ए-मोहम्मद और अन्य आतंकी संगठनों के खिलाफ संयुक्त कार्रवाई जरूरी है ताकि सीमा पार आतंकवाद रोका जा सके। भारत का जोर है कि संघर्ष की स्थिति में सबसे पहले नागरिकों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जानी चाहिए, और सभी पक्षों को हिंसा रोकने की दिशा में ठोस कदम उठाने चाहिए।
भारत का मानना है कि अफगानिस्तान में स्थिरता और शांति पूरी दुनिया के लिए जरूरी है। अंतरराष्ट्रीय समुदाय मिलकर ऐसी स्थिति बनाये, जिसमें आतंकवाद का कोई स्थान न हो और अफगान लोगों का जीवन सुरक्षित और खुशहाल हो सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button