भारत महिला टी20 विश्व कप 2026 में पाकिस्तान के खिलाफ करेगा अपने अभियान की शुरुआत

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 18 Jun 2025 08:57 PM
भारत महिला टी20 विश्व कप 2026 में पाकिस्तान के खिलाफ करेगा अपने अभियान की शुरुआत
ऑडियो सुनें

दुबई. भारतीय महिला क्रिकेट टीम आईसीसी महिला टी20 विश्व कप 2026 के अपने पहले मैच में 14 जून को एजबेस्टन में चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ अपने अभियान की शुरूआत करेगी. अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) और मेजबान इंग्लैंड एवं वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) ने बुधवार को टूर्नामेंट का पूरा कार्यक्रम घोषित किया जिसमें 12 टीमें भाग लेंगी.

अगले साल होने वाला यह टूर्नामेंट 24 दिन तक चलेगा जिसकी शुरुआत 12 जून से होगी और समापन पांच जुलाई को होगा. टूर्नामेंट के 33 मुकाबले इंग्लैंड के सात स्थानों पर खेले जाएंगे. टूर्नामेंट का पहला मैच 12 जून को एजबेस्टन में मेजबान इंग्लैंड और श्रीलंका के बीच होगा जबकि भारत और पाकिस्तान अपने अभियान की शुरुआत एजबेस्टन में ही करेंगे.

एजबेस्टन के अलावा मैच हैम्पशायर बाउल, हेडिंग्ले, ओल्ड ट्रैफर्ड, द ओवल, ब्रिस्टल काउंटी मैदान और लॉर्ड्स पर खेले जाएंगे.
दो सेमीफाइनल 30 जून और दो जुलाई को ओवल में होंगे जबकि फाइनल पांच जुलाई को लॉर्ड्स में होगा. टूर्नामेंट की 12 टीम को छह-छह के दो ग्रुप में रखा गया है. ग्रुप एक में छह बार की विजेता ऑस्ट्रेलिया, पिछले चरण की उपविजेता दक्षिण अफ्रीका, भारत, पाकिस्तान और दो क्वालीफाइंग टीम शामिल हैं.

वहीं ग्रुप दो में गत विजेता न्यूजीलैंड, वेस्टइंडीज, श्रीलंका, मेजबान इंग्लैंड और दो क्वालीफाइंग टीम शामिल हैं. प्रत्येक ग्रुप से शीर्ष दो टीमें सेमीफाइनल में पहुंचेंगी. पाकिस्तान के खिलाफ अपने शुरुआती मुकाबले के बाद भारतीय टीम 17 जून को क्वालीफाइंग टीम के खिलाफ अपने मुकाबले के लिए हेडिंग्ले जाएगी और उसके बाद टीम का सामना 21 जून को ओल्ड ट्रैफर्ड में दक्षिण अफ्रीका से होगा.
भारत 25 जून को ओल्ड ट्रैफर्ड में ग्रुप एक की दूसरी क्वालीफाइंग टीम का सामना करेगा जबकि उसका सबसे मुश्किल मुकाबला 28 जून को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होगा.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu