भारतीय सशस्त्र बलों ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को ‘अकल्पनीय’ सटीकता के साथ अंजाम दिया : राजनाथ

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 08 May 2025 07:29 PM
भारतीय सशस्त्र बलों ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को ‘अकल्पनीय’ सटीकता के साथ अंजाम दिया : राजनाथ
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बृहस्पतिवार को कहा कि भारतीय सशस्त्र बलों ने पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में नौ आतंकवादी ठिकानों को नष्ट करने के लिए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को “अकल्पनीय” सटीकता के साथ अंजाम दिया.
राजनाथ ने कहा कि इस अभियान में बड़ी संख्या में आतंकवादी मारे गए.

यहां आयोजित एक कार्यक्रम में रक्षा मंत्री ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को अंजाम देने में दिखाए गए साहस और वीरता के लिए भारतीय सशस्त्र बलों को बधाई दी. राजनाथ ने कहा कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को इस तरह से अंजाम दिया गया कि आम नागरिकों को न्यूनतम क्षति हो और यह हमारे ‘सख्त’ और ‘पेशेवर’ रूप से प्रशिक्षित सशस्त्र बलों तथा उच्च गुणवत्ता वाले उपकरणों के कारण संभव हो सका.
उन्होंने बताया कि अभियान में नौ आतंकवादी शिविर नष्ट कर दिए गए और बड़ी संख्या में आतंकवादी मारे गए.

पहलगाम हमले के जवाब में भारतीय सशस्त्र बलों ने बुधवार तड़के आतंकी समूह जैश-ए-मोहम्मद (जेईएम) के गढ़ बहावलपुर सहित कई आतंकी ठिकानों पर मिसाइल हमले किए. विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने बुधवार को कहा कि भारत ने पहलगाम आतंकवादी हमले को अंजाम देने वाले आतंकियों और इसकी साजिश रचने वालों को न्याय के दायरे में लाने के लिए “नपी-तुली, टकराव को नहीं बढ़ाने वाली और संतुलित एवं जिम्मेदाराना” कार्रवाई की, क्योंकि पाकिस्तान की ओर से उसके नियंत्रण वाले क्षेत्रों में आतंकवादी बुनियादी ढांचे के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए “कोई ठोस कदम” नहीं उठाया गया है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu