आतंकी ठिकानों पर भारतीय सेना के हमले का पाकिस्तान के क्रिकेट कार्यक्रम पर असर

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 08 May 2025 08:50 PM
आतंकी ठिकानों पर भारतीय सेना के हमले का पाकिस्तान के क्रिकेट कार्यक्रम पर असर
ऑडियो सुनें

कराची. पहलगाम में 22 अप्रैल को हुए आतंकी हमले के जवाब में भारतीय सेना द्वारा पाकिस्तान में आतंकवादी ठिकानों पर किए गए हमलों के बाद देश के क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने बृहस्पतिवार को रावलपिंडी में होने वाला पीएसएल मैच स्थगित कर दिया जबकि इसमें हिस्सा लेने वाले विदेशी खिलाड़ी उपलब्ध विकल्पों पर विचार कर रहे हैं.

पीसीबी को पाकिस्तान सुपर लीग (पीएसएल) के मैच को स्थगित करने फैसला करना पड़ा जिससे देश के क्रिकेट का कार्यक्रम गड़बड़ा गया है. पिंडी स्टेडियम में आयोजित की जा रही टी20 लीग पीएसएल अपने अंतिम चरण में है जिसमें छह फ्रेंचाइजी शामिल हैं. बृहस्पतिवार को कराची किंग्स और पेशावर जाल्मी के बीच होने वाले मैच को बाद में कराने का फैसला किया गया है जिसकी तारीख की घोषणा आगे की जाएगी.

क्रिकेट बोर्ड ने मीडिया को दिए गए एक बयान में कहा, ”पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने सभी हितधारकों के परामर्श से आज रात पेशावर जाल्मी और कराची किंग्स के बीच होने वाले पीएसएल मैच को किसी अन्य तारीख में करने का फैसला किया है. पीसीबी संशोधित तिथि की घोषणा उचित समय पर करेगा. ” भारतीय सशस्त्र बलों ने पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत जम्मू-कश्मीर में नौ आतंकी ठिकानों पर सटीक मिसाइल हमले किए जिनमें बहावलपुर में जैश-ए-मोहम्मद और मुरीदके में लश्कर-ए-तैयबा के गढ़ शामिल हैं. ये हमले पहलगाम में हुए हमले के जवाब में किए गए जिसमें 26 लोग मारे गए थे.

बृहस्पतिवार के मैच को छोड़ दिया जाये तो इस सत्र में लीग का भविष्य फिलहाल अंधकारमय दिख रहा है क्योंकि विदेशी खिलाड़ी भी दोनों पड़ोसी देशों के बीच तनाव के कारण सुरक्षा स्थिति को लेकर चिंतित हैं. ‘द टेलीग्राफ’ की रिपोर्ट के अनुसार इंग्लैंड के खिलाड़ी पीएसएल छोड़ने के विकल्प पर विचार कर रहे हैं. ये खिलाड़ी पशोपेश में हैं कि वे पाकिस्तान में ही रहें या फिर स्वदेश लौट जाएं.

रिपोर्ट में कहा गया, ”इंग्लैंड एवं वेल्स क्रिकेट बोर्ड और पेशेवर क्रिकेट संघ ने बुधवार सुबह स्थिति पर चर्चा करने के लिए एक आपात चर्चा की. ??इस समय खिलाड़ियों को घर वापस आने की सलाह नहीं दी जा रही है. ” इसमें कहा गया, ”ज्यादातर खिलाड़ी अभी पाकिस्तान में ही रहने का इरादा रखते हैं, पर टेलीग्राफ स्पोर्ट को पता चला है कि कई खिलाड़ी अपने विकल्पों पर विचार कर रहे हैं और घर लौट सकते हैं. ” इंग्लैंड के सात खिलाड़ी जेम्स विंस, टॉम करन, सैम बिलिंग्स, क्रिस जॉर्डन, डेविड विली, ल्यूक वुड और टॉम कोहलर कैडमोर इस साल के पीएसएल में खेल रहे हैं जिसका समापन 18 मई को लाहौर में होने वाला है. इंग्लैंड के कोच रवि बोपारा और एलेक्जेंड्रा हार्टले भी पीएसएल के इस चरण में शामिल हैं.

वहीं भारतीय हमलों के बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने इस बात पर चर्चा करने के लिए आपातकालीन बैठक बुलाई है कि क्या पीएसएल को रोक दिया जाना चाहिए? वहीं इंग्लैंड के दल को डर है कि दोनों देशों के बीच तनाव बढ़ेगा लेकिन जैसी स्थिति है, उसे देखते हुए खिलाड़ियों ने इंतजार करने की नीति अपनाई है. अखबार ने कहा कि उसने जिन इंग्लैंड के खिलाड़ियों से बात की है, उनमें से कई सुरक्षा व्यवस्था और सलाह से संतुष्ट हैं और उन्हें टूर्नामेंट छोड़ने की कोई जरूरत नहीं है.

पर एक अंदरूनी सूत्र के अनुसार, ”व्हाट्सएप समूह में मिश्रित विचार और भावनाएं दिख रही हैं. ” अखबार ने इंग्लैंड के एक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर के हवाले से कहा, ”अभी सब ठीक है, हम सुरक्षित हैं. ” रिपोर्ट में कहा गया है, ”पीएसएल के खिलाड़ियों को आधिकारिक सलाह मिली है कि खेलना जारी रखना सुरक्षित है. ज्यादातर विदेशी खिलाड़ियों के देश में ही रहने की उम्मीद है. ” वहीं पीसीबी के प्रवक्ता आमिर मीर ने कहा, ”स्वाभाविक रूप से मौजूदा परिस्थितियों पर चर्चा की गई. खिलाड़ियों को पाकिस्तानी सेना द्वारा कड़ी सुरक्षा मुहैया कराई गई है. लेकिन अगर हालात बिगड़ते हैं तो हम बैठकर अगले कदम पर फैसला करेंगे. ”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu