भारतीय पृष्ठभूमि पर बनी फिल्म ‘टू किल अ टाइगर’ ऑस्कर में सर्वश्रेष्ठ वृत्तचित्र फीचर के लिए नामित

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 23 Jan 2024 09:04 PM
भारतीय पृष्ठभूमि पर बनी फिल्म ‘टू किल अ टाइगर’ ऑस्कर में सर्वश्रेष्ठ वृत्तचित्र फीचर के लिए नामित
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. भारत के एक छोटे से गांव की पृष्ठभूमि पर आधारित फिल्म ‘टू किल अ टाइगर’ को मंगलवार को ऑस्कर 2024 में सर्वश्रेष्ठ वृत्तचित्र फीचर के लिए नामित किया गया. दिल्ली में जन्मी निशा पाहुजा ने ‘टू किल अ टाइगर’ का निर्देशन किया है. टोरंटो की फिल्म निर्माता पाहुजा एमी पुरस्कार के लिए भी नामित हो चुकी हैं. इस फिल्म को ‘टोरंटो इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल 2022’ में प्रर्दिशत किया गया था. इतना ही नहीं, इस फेस्टिवल में इसने सर्वश्रेष्ठ कनाडाई फीचर फिल्म के लिए ‘एम्प्लीफाई वॉयस अवार्ड’ भी अपने नाम किया था.

इस फिल्म में रंजीत नाम के एक व्यक्ति की कहानी दिखाई गई थी जो अपनी 13 वर्षीय बेटी को न्याय दिलाने के लिए कठिन लड़ाई लड़ता है. उनकी बेटी का अपहरण कर लिया जाता है और बाद में तीन लोग उस पर यौन हमला करते हैं. ‘टू किल अ टाइगर’ की आधिकारिक वेबसाइट के अनुसार, ”रंजीत पुलिस के पास जाता है और उन लोगों को गिरफ्तार कर लिया जाता है. लेकिन इसके बाद भी रंजीत की परेशानी कम नहीं होती, क्योंकि गांववाले और वहां के नेता उनके परिवार पर आरोप वापस लेने के लिए निरंतर दबाव बनाते हैं. ” फिल्म को कॉर्नेलिया प्रिंसिपे और डेविड ओपेनहेम ने बनाया है.

इसके अलावा सर्वश्रेष्ठ वृत्तचित्र फीचर के लिए चार अन्य फिल्म- ‘बॉबी वाइन: द पीपल्स प्रेसिडेंट’, ‘द इटरनल मेमोरी’, ‘फोर डॉटर्स’ और ’20 डे इन मारियोपोल’ को भी नामित किया गया है. लॉस एंजिलस में 10 मार्च को 96वें ऑस्कर अवॉर्ड समारोह का आयोजन किया जाएगा.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu