
नयी दिल्ली. अनुभवी मिडफील्डर सुशीला चानू को चोटिल होने के कारण 27 अक्टूबर से पांच नवंबर तक रांची में होने वाली एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी (एसीटी) के लिए 20 सदस्यीय भारतीय महिला हॉकी टीम में जगह नहीं दी गई है. रियो ओलंपिक में भारत की अगुवाई करने वाली सुशीला हाल में हांगझोउ एशियाई खेलों में कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा थी. हॉकी इंडिया के सूत्रों ने बताया कि सुशीला जल्द ही डॉक्टर से मिलकर अपनी चोट की स्थिति का पता लगाएगी.
सूत्रों ने पीटीआई से कहा, ”सुशीला को विश्राम दिया गया है क्योंकि वह चोटिल है. उन्हें डॉक्टर को दिखाने की जरूरत है. सुशीला टीम की महत्वपूर्ण सदस्य हैं और उनका आगामी टूर्नामेंटों से पहले फिट होना जरूरी है.” बलजीत कौर को सुशीला की जगह टीम में लिया गया है. एशियाई खेलों की टीम में शामिल वैष्णवी विट्ठल फाल्के को र्शिमला देवी के साथ बैकअप विकल्प के रूप में रखा गया है. सुशीला के अलावा गोलकीपर सविता के नेतृत्व वाली टीम में कोई बड़ा बदलाव नहीं किया गया है. डिफेंडर दीप ग्रेस एक्का पहले की तरह टीम की उप कप्तान बनी रहेगी.
एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी में भारत के अलावा जापान, चीन, कोरिया, मलेशिया और थाईलैंड अन्य भाग लेने वाले देश हैं. भारत अपने अभियान की शुरुआत 27 अक्टूबर को थाईलैंड के खिलाफ करेगा. इसके बाद वह मलेशिया (28 अक्टूबर), चीन (30 अक्टूबर), जापान (31 अक्टूबर) और कोरिया (2 नवंबर) के खिलाफ मैच खेलेगा.
भारत की मुख्य कोच यानेक शोपमैन ने कहा,”लय बनाए रखना और टीम के रूप में सुधार जारी रखना महत्वपूर्ण है. हमने एशियाई खेलों में अच्छा प्रदर्शन करके कांस्य पदक जीता था और आगामी टूर्नामेंट में हमें अपने एशियाई प्रतिद्वंदियों के खिलाफ अपनी स्थिति में सुधार करने का एक और मौका मिलेगा.”
एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी के लिए भारतीय महिला हॉकी टीम इस प्रकार है: गोलकीपर: सविता (कप्तान), बिचू देवी खारीबाम डिफेंडर: निक्की प्रधान, उदिता, इशिका चौधरी, दीप ग्रेस एक्का (उप-कप्तान) मिडफील्डर: निशा, सलीमा टेटे, नेहा, नवनीत कौर, सोनिका, मोनिका, ज्योति, बलजीत कौर फॉरवर्ड: लालरेम्सियामी, संगीता कुमारी, दीपिका, वंदना कटारिया बैकअप खिलाड़ी: र्शिमला देवी, वैष्णवी विट्ठल फाल्के.



