जम्मू कश्मीर के पुंछ में नियंत्रण रेखा पर घुसपैठ की कोशिश नाकाम, दो आतंकवादी ढ़ेर

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 06 Sep 2023 08:58 PM
जम्मू कश्मीर के पुंछ में नियंत्रण रेखा पर घुसपैठ की कोशिश नाकाम, दो आतंकवादी ढ़ेर
ऑडियो सुनें

जम्मू/राजौरी. जम्मू कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा के समीप बुधवार को सुरक्षाबलों ने घुसपैठ की कोशिश को नाकाम करते हुए दो आतंकवादियों को मार गिराया . एक रक्षा प्रवक्ता ने यह जानकारी दी. यहां रक्षा जनसंपर्क अधिकारी लेफ्टिनेंट कर्नल सुनील बर्तवाल ने बताया कि एक आतंकवादी का शव बरामद किया गया है तथा युद्धक सामग्री भी मिली है. उन्होंने बताया कि दूसरे आतंकवादी का शव ढूंढ़ा जा रहा है.

उन्होंने बताया कि मंगलवार और बुधवार की दरम्यानी रात में पुंछ के मांडी उपसेक्टर में दो आतंकवादी नियंत्रण रेखा पार कर भारतीय क्षेत्र की ओर बढ़ते हुए नजर आये. लेफ्टिनेंट कर्नल सुनील बर्तवाल ने कहा, ” आतंकवादियों को तत्काल पकड़ने के लिए सेना और पुलिस ने संयुक्त अभियान शुरू किया. प्रतिकूल भौगोलिक स्थिति, घने जंगल आदि का इस्तेमाल कर आतंकवादियों ने काफी देर तक सुरक्षाबलों को उलझाये रखा.” उन्होंने बताया कि बुधवार को दोनों आतंकवादियों को सुरक्षाबलों ने मार गिराया.

आतंकवाद को सख्ती से कुचल दिया जाएगा: जम्मू-कश्मीर डीजीपी

जम्मू-कश्मीर के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) दिलबाग सिंह ने बुधवार को राजौरी और पुंछ में सुरक्षा समीक्षा के बाद कहा कि क्षेत्र में शांति भंग करने की पाकिस्तान की किसी भी नई साजिश को विफल करने के लिए यहां आतंकवादियों के समर्थकों से “सख्ती से” निपटा जाएगा. उन्होंने यह भी कहा कि सुरक्षा ग्रिड को मजबूत किया गया है और बड़े पैमाने पर छापेमारी के साथ-साथ क्षेत्र पर नियंत्रण सुनिश्चित किया गया है.

सिंह ने कहा कि क्षेत्र में शांति भंग करने की पाकिस्तान की किसी भी नई साजिश को विफल करने के लिए “पाकिस्तान में शरण लिए हुए गद्दारों” और जम्मू-कश्मीर में उनके समर्थकों के बीच सीमा पार संबंध को खत्म” किया जाएगा. पुलिस प्रमुख ने राजौरी जिले में पत्रकारों से कहा, “किसी भी परिस्थिति में, हम राजौरी और पुंछ जिलों में आतंकवाद को फिर से अपना बदसूरत सिर उठाने नहीं देंगे. आतंकवाद को सख्ती से कुचल दिया जाएगा और आतंकवाद का समर्थन करने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu