इजराइली सेना ने ‘वेस्ट बैंक’ के पांच और चरमपंथियों को मार गिराने का दावा किया

तुलकारेम. इजराइली सेना ने कब्जे वाले ‘वेस्ट बैंक’ में व्यापक अभियान के दौरान एक स्थानीय कमांडर समेत पांच और चरमपंथियों को मार गिराने का दावा किया. इजराइल का कहना है कि मंगलवार देर रात से, उत्तरी वेस्ट बैंक में एक साथ चलाया गया अभियान हमलों को रोकने के लिए है. इसने कहा कि इसमें कुल 16 लोग मारे गए हैं, जिनमें ज्यादातर उग्रवादी थे. फलस्तीनी इसे इजराइल-हमास युद्ध के विस्तार के रूप में देखते हैं जिसका उद्देश्य क्षेत्र पर इजराइल के दशकों पुराने सैन्य शासन को कायम रखना है.

‘इस्लामिक जिहाद’ चरमपंथी समूह ने पुष्टि की कि उसके कमांडर मोहम्मद जाबेर (जिसे अबू शुजा के नाम से भी जाना जाता है) की तुलकारेम में इजराइली सेना की कार्रवाई में मौत हो गई. जाबेर वर्ष की शुरुआत में तब अनेक फलस्तीनियों के लिए नायक बन गया था जब एक इजराइली अभियान में उसके मारे जाने की खबर आई. लेकिन अन्य उग्रवादियों को सुपुर्द-ए-खाक किए जाने के समय वह अचानक दिखा जहाँ उत्साही भीड़ ने उसे कंधों पर उठा लिया.

इजराइली सेना ने कहा कि बृहस्पतिवार सुबह हुई मुठभेड़ में शुजा और चार अन्य चरमपंथी मारे गए जो एक मस्जिद में छिपे हुए थे.
सेना ने कहा कि अबू शुजा जून में हुई घातक गोलीबारी सहित इजराइल के नागरिकों पर कई हमलों में शामिल था तथा वह आगे और भी हमले करने की साजिश रच रहा था.

इसने कहा कि ‘वेस्ट बैंक’ के शहर तुलकारेम में अभियान के दौरान एक अन्य उग्रवादी को गिरफ्तार किया गया तथा इजराइल की अर्धसैनिक सीमा पुलिस का एक सदस्य मामूली रूप से घायल हो गया. इजराइल ने बुधवार को वेस्ट बैंक में बड़े पैमाने पर सैन्य अभियान शुरू किया था. हमास ने कहा कि उसके 10 लड़ाके अलग-अलग स्थानों पर मारे गए तथा फलस्तीनी स्वास्थ्य मंत्रालय ने 11वें व्यक्ति की मौत की सूचना दी लेकिन उसने यह नहीं बताया कि वह लड़ाका था या आम नागरिक.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button