‘एक्स’ पर प्रधानमंत्री मोदी के 10 करोड़ से अधिक फॉलोवर होना गौरव का क्षण : केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 15 Jul 2024 09:45 PM
‘एक्स’ पर प्रधानमंत्री मोदी के 10 करोड़ से अधिक फॉलोवर होना गौरव का क्षण : केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह
ऑडियो सुनें

जम्मू. केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने सोमवार को कहा कि ‘एक्स’ पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के फॉलोअर की संख्या 10 करोड़ को पार करना देश के लिए गौरव का क्षण है और वह एक वैश्विक नेता के रूप में उभरे हैं. सिंह यहां भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम) के जगती परिसर में एमबीए छात्रों के नए बैच के लिए ‘ओरियेंटेशन’ कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र को संबोधित करने के बाद संवाददाताओं से बात कर रहे थे. एक दिन पहले ‘एक्स’ पर प्रधानमंत्री मोदी के फॉलोवर की संख्या 10 करोड़ पार करने के बारे में पूछे जाने पर, प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) में राज्य मंत्री ने कहा कि इस उपलब्धि पर सभी को गर्व है.

सिंह ने कहा, ”सबसे लंबे समय तक सेवा करने वाले राष्ट्राध्यक्ष के रूप में दुनिया भर में उनकी (मोदी) जिस तरह की लोकप्रियता है, कई अन्य देशों के राष्ट्राध्यक्ष वास्तव में उनसे सलाह लेने के इच्छुक होते हैं…वह एक वैश्विक नेता के रूप में उभरे हैं.” इससे पहले छात्रों को संबोधित करते हुए सिंह ने उनसे 2047 के भारत का नेतृत्व करने के लिए खुद को तैयार करने का आह्वान किया.

केंद्रीय मंत्री ने कहा, ”2047 में जब भारत अपनी स्वतंत्रता की शताब्दी पूरी करेगा, तो युवा ही विकसित भारत के शिल्पकार होंगे.” उन्होंने कहा कि सरकार अपनी युवा पीढ.ी को नए कौशल और प्रशिक्षण तथा विश्व स्तरीय शिक्षा से लैस करने के लिए अथक प्रयास कर रही है, ताकि उन्हें विकसित भारत का निर्माता बनाया जा सके. सिंह ने कहा, ”प्रधानमंत्री द्वारा लाई गई राष्ट्रीय शिक्षा नीति इस लक्ष्य में योगदान देगी.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu