जल जीवन मिशन विफल, पश्चिम बंगाल में भाजपा की ‘वॉशिंग मशीन’ सक्रिय : जयराम रमेश

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 12 May 2024 09:38 PM
जल जीवन मिशन विफल, पश्चिम बंगाल में भाजपा की ‘वॉशिंग मशीन’ सक्रिय : जयराम रमेश
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के पश्चिम बंगाल में चार चुनावी रैलियों को संबोधित करने के बीच वरिष्ठ कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने रविवार को सवाल उठाया कि हुगली में 40 प्रतिशत घरों में ‘जल जीवन मिशन’ क्यों विफल रहा? उन्होंने दावा किया कि चुनाव से पहले राज्य में भाजपा की ‘वॉशिंग मशीन’ सक्रिय है. कांग्रेस महासचिव रमेश ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में गंगा की सफाई पर भी सवाल उठाए और केंद्र सरकार पर 7,000 करोड़ रुपये की राशन निधि रोकने का आरोप लगाया.

उन्होंने कहा कि हुगली में 4,35,311 परिवार नल से जल योजना से वंचित हैं जबकि इस योजना की समयसीमा 2024 निर्धारित है.
कांग्रेस नेता ने कहा, ”हुगली के पास के जिलों में भी भूजल में आर्सेनिक और फ्लोराइड की मात्रा बहुत अधिक है, जो गंभीर स्वास्थ्य जटिलताओं का कारण बन सकती है. मोदी सरकार हुगली के लोगों की दुर्दशा को नजरअंदाज क्यों कर रही है?” उन्होंने यह भी सवाल किया कि 15,000 करोड़ रुपये खर्च करने के बाद भी गंगा साफ क्यों नहीं हुई? रमेश ने कहा, ”राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन (एनएमसीजी) के जून 2014 में शुरू होने से लेकर सितंबर 2023 तक, इसके तहत अब तक जितने जलमल शोधन संयंत्र स्थापित किए हैं, वे नदी में बहने वाले केवल 20 प्रतिशत सीवेज को ही निपटा सकते हैं.” रमेश ने कहा कि केंद्र ने 37,396 करोड़ रुपये की परियोजनाओं को मंजूरी दी है, लेकिन जून 2023 तक राज्यों को वास्तव में केवल 14,745 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं और पश्चिम बंगाल में केवल 11 जलमल शोधन संयंत्र स्थापित किए गए हैं.

कांग्रेस महासचिव ने दावा किया, ”पिछले साल केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने गंगा को भारत की सबसे प्रदूषित नदी घोषित किया था. क्या प्रधानमंत्री मोदी बता सकते हैं कि उनकी सरकार की प्रमुख परियोजना इतनी बुरी तरह विफल क्यों हुई है?” उन्होंने आरोप लगाया कि राशन की दुकानों पर प्रधानमंत्री मोदी की तस्वीर नहीं लगाने के कारण केंद्र पश्चिम बंगाल के लिए राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम की राशि रोक रहा है.

रमेश ने बैरकपुर के सांसद अर्जुन सिंह और उनके बेटे का उल्लेख किया, जो चुनाव से पहले भाजपा में शामिल हो गए और जिन पर भाटपारा नैहाटी सहकारी बैंक में हुए 12 करोड़ रुपये के घोटाले में शामिल होने का आरोप है. उन्होंने कहा, ”भाजपा की वॉशिंग मशीन पश्चिम बंगाल में एक बार फिर सक्रिय हो गई है.” रमेश ने कहा, ”क्या प्रधानमंत्री इस पर कोई प्रकाश डाल सकते हैं कि अर्जुन सिंह के खिलाफ कार्रवाई क्यों रोकी गई? भाजपा भ्रष्टाचार को खत्म करने का दिखावा कैसे कर सकती है जबकि उसकी ”वॉशिंग मशीन” पश्चिम बंगाल में साफ तौर पर पूरे जोरों से सक्रिय है?”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu