जम्मू-कश्मीर: भाजपा नेता फकीर मोहम्मद खान ने आत्महत्या की

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 20 Mar 2025 08:15 PM
जम्मू-कश्मीर: भाजपा नेता फकीर मोहम्मद खान ने आत्महत्या की
ऑडियो सुनें

श्रीनगर. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता और जम्मू-कश्मीर के गुरेज से निर्दलीय विधायक रहे फकीर मोहम्मद खान ने बृहस्पतिवार को कथित तौर पर आत्महत्या कर ली. पार्टी पदाधिकारियों ने बताया कि खान (62) ने श्रीनगर में तुलसी बाग स्थित अपने सरकारी आवास में सुरक्षाकर्मी की एसएलआर राइफल से खुद को गोली मार ली. भाजपा प्रवक्ता अल्ताफ ठाकुर ने इस घटना की पुष्टि की. उन्होंने कहा कि खान ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली. हालांकि, फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि भाजपा नेता ने यह कदम क्यों उठाया.

खान 1996 में एक निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में जम्मू-कश्मीर विधानसभा के लिए चुने गए थे. वह 2020 में भाजपा में शामिल हुए थे और पिछले साल पार्टी के टिकट पर विधानसभा चुनाव लड़ा था, लेकिन उन्हें हार का सामना करना पड़ा था. पुलिस ने एक बयान में कहा कि उसने घटना का संज्ञान लिया है और कानूनी कार्यवाही शुरू कर दी है.

श्रीनगर पुलिस ने एक बयान में कहा, ह्लश्रीनगर के तुलसी बाग इलाके में आज गोलीबारी की घटना की सूचना मिली, जिसके परिणामस्वरूप गुरेज निवासी पूर्व विधायक फकीर मोहम्मद खान की मौत हो गई. पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया है और शेरगढ़ी थाने में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा-194 के तहत कानूनी कार्यवाही शुरू कर दी गई है.ह्व जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने पूर्व विधायक की मौत पर दुख जताया.

उन्होंने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ह्लपूर्व विधायक फकीर मोहम्मद खान के निधन की खबर सुनकर गहरा दुख हुआ. वह जमीनी स्तर के ईमानदार नेता थे. खान की आत्मा को शांति मिले. उनके परिवार के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं. सदन ने उनके सम्मान में दो मिनट का मौन रखा.ह्व उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने भी खान के निधन पर शोक व्यक्त किया.

उन्होंने कहा, “गुरेज के विकास में फकीर मोहम्मद खान का बहुत बड़ा योगदान है. उन्होंने हजारों लोगों के जीवन को प्रभावित किया और बेहतर बनाया. मैं दुख की इस घड़ी में उनके परिवार, दोस्तों और समर्थकों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं. मैं उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करता हूं.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu