गुमला. झारखंड के गुमला जिले से पांच लाख के इनामी माओवादी को गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी. पुलिस ने बताया कि माओवादी की पहचान फिरोज अंसारी के रूप में हुई है जो झारखंड जन मुक्ति परिषद (जेजेएमपी) का उप क्षेत्रीय कमांडर था. जेजेएमपी, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) से अलग हुआ समूह है. गुमला के पुलिस अधीक्षक (एसपी) हरिस बिन ज.मान ने बताया कि उसके कब्जे से एक राइफल, लगभग 350 कारतूस, तीन स्मार्टफोन और एक बैग बरामद किया गया.
उन्होंने बताया, ”हमें खुफिया जानकारी मिली कि जेजेएमपी के प्रमुख रवींद्र यादव बिहसुनपुर थाने की सीमा के तहत घाघरा गांव के जंगलों में अपने दस्ते के साथ आगे बढ़ रहा था. इसके आधार पर एक टीम का गठन किया गया और क्षेत्र में भेज दिया गया.” सुरक्षा बलों को देखकर जेजेएमपी के सदस्यों ने भागने का प्रयास किया. एसपी ने बताया, ”भागने की कोशिश करते समय एक व्यक्ति को पकड़ लिया गया और पूछताछ के दौरान उसने खुद को जेजेएमपी का सब-जोनल कमांडर फिरोज अंसारी बताया.” पुलिस ने बताया कि अंसारी लातेहार, लोहरदगा और गुमला समेत विभिन्न जिलों में दर्ज 11 आपराधिक मामलों में वांछित था.