झारखंड : ‘आईईडी’ धमाके में CRPF के एक जवान की मौत, एक अन्य घायल

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 28 Sep 2023 08:35 PM
झारखंड : ‘आईईडी’ धमाके में CRPF के एक जवान की मौत, एक अन्य घायल
ऑडियो सुनें

रांची. झारखंड के पश्चिम सिंहभूम जिले में एक आईईडी (एक तरह का विस्फोटक उपकरण) धमाके में गंभीर रूप से घायल हुए केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के दो जवानों में से एक ने बृहस्पतिवार को रांची में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया. पुलिस ने यह जानकारी दी.

पुलिस ने बताया कि सुरक्षा बलों द्वारा माओवादियों के खिलाफ एक संयुक्त अभियान के दौरान जिले के टोंटो थाना क्षेत्र में तुम्बाहाका और सरजोंबुरु गांवों के बीच एक जंगल के समीप हुए विस्फोट में सीआरपीएफ की कोबरा बटालियन के दो जवान गंभीर रूप से घायल हुए थे. पुलिस महानिरीक्षक (अभियान) अमोल वी. होमकर ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि सीआरपीएफ सिपाही राजेश कुमार और निरीक्षक भूपेंद्र कुमार को इलाज के लिए हवाई मार्ग से रांची लाया गया था.

उन्होंने बताया कि 209 कोबरा बटालियन के राजेश कुमार ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. शहीद जवान राजेश छत्तीसगढ. के रहने वाला थे. अधिकारी ने बताया कि भूपेंद्र कुमार का रांची के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है. होमकर ने बताया कि बुधवार की रात 11 से 12 बजे के बीच में माओवादियों ने कोबरा बटालियन को निशाना बनाकर आईईडी में धमाका किया. उन्होंने बताया कि सुरक्षा बलों ने माओवादियों के खिलाफ अपने अभियान को तेज कर दिया था, जिसके जवाब में उन्होंने यह विस्फोट किया. उन्होंने बताया कि इलाके में सुरक्ष बलों का तलाशी अभियान अभी भी जारी है.

पुलिस ने बताया कि राज्य के कोल्हान क्षेत्र में माओवादियों के खिलाफ तलाशी अभियान में कोबरा बटालियन के अलावा राज्य पुलिस का झारखंड जगुआर बल एवं जिला सशस्त्र पुलिस के जवान भी शामिल थे. बीते कुछ महीनों में इस तरह की घटनाओं में कई सुरक्षाकर्मी घायल हुए हैं. इसी इलाके में अगस्त में माआवादियों के साथ एक मुठभेड़ में झारखंड जगुआर बल के दो र्किमयों की मौत हो गई थी. राज्य में इस साल अभी तक माओवादियों से सुरक्षाबलों की 16 मुठभेड़ हुई हैं, जिनमें नौ माआवादियों को मार गिराया गया है. इस साल जुलाई तक 236 माओवदियों को गिरफ्तार किया गया है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu