नयी दिल्ली. जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) प्रशासन, परिसर में बार-बार लगने वाले ‘देश-विरोधी’ नारों की घटनाओं की जांच के लिए जल्द ही एक समिति गठित करेगा. एक अधिकारी ने सोमवार को यहां यह जानकारी दी. ‘स्कूल ऑफ लैंग्वेजेज’ की इमारत की दीवार पर लिखे “भारत के कब्जे वाला कश्मीर”, “फ्री कश्मीर” और “भगवा जलेगा” जैसे नारों की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल होने के एक दिन बाद यह निर्णय लिया गया है. प्रशासन की ओर से दीवारों का रंग-रोगन अब करा दिया गया है.
जेएनयू के रेक्टर सतीश चंद्र गारकोटी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, “हम अपने मुख्य सुरक्षा अधिकारी की रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं और उसके सुझावों के आधार पर इस मुद्दे से निपटने के लिए कदम उठाए जाएंगे.” गारकोटी ने कहा कि विश्वविद्यालय ने अपने परिसर में बार-बार होने वाले “राष्ट्र-विरोधी” नारों की घटनाओं पर गौर करने के लिए एक समिति गठित करने की योजना बनाई है.