मोहपाश में फंसा कनिष्ठ अभियंता पाकिस्तानी खुफिया एजेंट को खुफिया सूचना देने के आरोप में गिरफ्तार

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 29 May 2025 10:22 PM
मोहपाश में फंसा कनिष्ठ अभियंता पाकिस्तानी खुफिया एजेंट को खुफिया सूचना देने के आरोप में गिरफ्तार
ऑडियो सुनें

मुंबई. महाराष्ट्र पुलिस के आतंकवाद निरोधक दस्ते (एटीएस) ने एक रक्षा प्रौद्योगिकी कंपनी में कनिष्ठ अभियंता के रूप में काम करने वाले ठाणे के एक व्यक्ति को एक पाकिस्तानी खुफिया एजेंट को संवेदनशील जानकारी देने के आरोप में गिरफ्तार किया है. अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी. उन्होंने बताया कि पाकिस्तानी एजेंट ने अभियंता को कथित तौर पर सोशल मीडिया के जरिये मोहपाश में फंसाया था.

एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को बताया कि 27 वर्षीय आरोपी की पहचान रवीन्द्र मुरलीधर वर्मा के रूप में हुई है और वह ठाणे शहर के कलवा का निवासी है. उन्होंने बताया, ”वर्मा रक्षा प्रौद्योगिकी से जुड़ी एक कंपनी में कनिष्ठ अभियंता के तौर पर काम कर रहा था. कंपनी के एक कर्मचारी के तौर पर उसे दक्षिण मुंबई की नौसेना गोदी में प्रवेश करने की अनुमति थी और वह नौसेना के जहाजों पर काम करता था.” अधिकारी ने बताया कि वर्मा को एक पाकिस्तानी एजेंट ने अपने जाल में फंसाया था, जिसने खुद को महिला बताकर फेसबुक पर उससे दोस्ती की थी.

उन्होंने ने बताया कि वर्मा ने नवंबर 2024 से मार्च 2025 तक व्हाट्सऐप के जरिये ‘पाकिस्तान इंटेलिजेंस ऑपरेटिव’ (पीआईओ) के साथ एक महत्वपूर्ण प्रतिष्ठान के बारे में संवेदनशील जानकारी साझा की थी. अधिकारी ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर एटीएस की ठाणे इकाई ने दो अन्य लोगों के साथ उक्त आरोपी को हिरासत में लिया. उन्होंने बताया कि शुरुआती पूछताछ के बाद उस व्यक्ति को सरकारी गोपनीयता अधिनियम की धारा 3 (जो जासूसी से संबंधित है) और भारतीय न्याय संहिता की धारा 61 (2) (आपराधिक साजिश) के तहत गिरफ्तार किया गया.

अधिकारी ने बताया कि पूछताछ के बाद वर्मा को अपराध में कथित संलिप्तता के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया. उन्होंने बताया कि वर्मा को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे सोमवार तक एटीएस की हिरासत में भेज दिया गया. उन्होंने बताया कि एटीएस वर्मा के मोबाइल फोन और उन इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच कर रही है जिनका इस्तेमाल पीआईओ के साथ सोशल मीडिया मंच के जरिए महत्वपूर्ण जानकारी साझा करने में किया गया. उन्होंने बताया कि मामले में जांच की जा रही है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu