कामरा नहीं झुकेंगे, हमारा डीएनए एक जैसा है: संजय राउत

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 25 Mar 2025 08:27 PM
कामरा नहीं झुकेंगे, हमारा डीएनए एक जैसा है: संजय राउत
ऑडियो सुनें

मुंबई. शिवसेना सांसद संजय राउत ने मंगलवार को कहा कि स्टैंड-अप कॉमेडियन कुणाल कामरा किसी के सामने झुकेंगे नहीं.
राउत ने यह बात एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना द्वारा मुंबई में रिकार्ड किये गए एक शो में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री पर कटाक्ष करने को लेकर 36 वर्षीय कॉमेडियन पर निशाना साधे जाने के बाद कही.

राउत ने संवाददाताओं से कहा, ”मैं कामरा को जानता हूं. उनका और मेरा डीएनए एक जैसा है. वह एक योद्धा हैं. वह माफी नहीं मांगेंगे. अगर आपको उनके खिलाफ कार्रवाई करनी है, तो आपको कानूनी कदम उठाने होंगे.” महाराष्ट्र के गृह राज्य मंत्री योगेश कदम ने कहा, ”कामरा और राउत का डीएनए एक जैसा हो सकता है. वह (कामरा) पागल है और यह व्यक्ति (राउत) भी पागल है.”

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधान पार्षद (एमएलसी) परिणय फुके ने दावा किया कि कांग्रेस “या अन्य दल” कामरा का समर्थन कर रहे हैं. राउत की डीएनए टिप्पणी के बारे में पूछे जाने पर फुके ने कहा, ”उनका डीएनए एक जैसा होगा क्योंकि बदमाशों का डीएनए एक जैसा होता है.” कामरा ने कहा है कि वह शिंदे के बारे में अपनी विवादास्पद टिप्पणियों के लिए माफी नहीं मांगेंगे. उन्होंने मुंबई में उस स्थान पर तोड़फोड़ की आलोचना की जहां कॉमेडी शो की रिकॉर्डिंग की गई थी.

‘स्टैंड-अप कॉमेडियन’ कामरा (36) ने अपने ‘शो’ में शिंदे के राजनीतिक करियर पर कटाक्ष करके महाराष्ट्र में बड़ा राजनीतिक तूफान खड़ा कर दिया है. रविवार की रात शिवसेना के सदस्यों ने खार स्थित हैबिटेट कॉमेडी क्लब में तोड़फोड़ की, जहां कामरा का शो हुआ था, साथ ही उस होटल में भी तोड़फोड़ की जिसके परिसर में यह क्लब स्थित है. पुलिस ने सोमवार को शिवसेना के कार्यकर्ता राहुल कनाल और 11 अन्य को शो स्थल पर तोड़फोड़ करने के आरोप में गिरफ्तार किया था. स्थानीय अदालत ने उन्हें उसी दिन जमानत दे दी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu