
कटनी में भीषण सड़क हादसा: कटनी जिले के बड़वारा थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार बाइक सवार युवकों की मौत हो गई है। घटना रेलवे पुलिया के पास नेशनल हाईवे-78 पर हुई, जब तेज रफ्तार कार और बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि चारों युवक मौके पर ही दम तोड़ गए।
मृतकों की पहचान रामकिशोर सिंह, रामदास सिंह, जितेंद्र सिंह और इंद्रभान सिंह के रूप में हुई है। हादसे में कार चालक सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए बड़वारा स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। बताया जाता है कि कार अंबिकापुर से राजगढ़ की तरफ जा रही थी।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया और घटना की जानकारी ली। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना से परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
यह हादसा सड़क सुरक्षा के प्रति लापरवाही और तेज रफ्तार का परिणाम माना जा रहा है। पुलिस ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की बात कही है।



