केसीआर सरकार भ्रष्टाचार में डूबी, बंडी संजय कुमार की गिरफ्तारी ध्यान भटकाने की रणनीति: भाजपा

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Wed, 05 Apr 2023 03:23 PM
केसीआर सरकार भ्रष्टाचार में डूबी, बंडी संजय कुमार की गिरफ्तारी ध्यान भटकाने की रणनीति: भाजपा
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बुधवार को दावा किया कि भारत राष्ट्र समिति (भारत राष्ट्र समिति) के खिलाफ ‘लीकेज एंड पैकेज’ के आरोपों के कारण उसके तेलंगाना अध्यक्ष बंडी संजय कुमार को गिरफ्तार किया गया है। पार्टी ने कहा कि कुमार के खिलाफ लगाए गए आरोप ‘आधारहीन’ हैं और राज्य सरकार ने अपने ऊपर लगे आरोपों से ध्यान भटकाने की रणनीति के तहत यह कदम उठाया है।

भाजपा के वरिष्ठ नेता के लक्ष्मण ने लोकसभा सदस्य कुमार की गिरफ्तारी को प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रश्नपत्र लीक होने के मुद्दे पर पार्टी के आंदोलन से जोड़ा। उन्होंने दावा किया कि प्रश्नपत्र लीक होने की वजह से राज्य में नौकरी चाहने वाले लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ है।

मीडिया में छपी खबरों का हवाला देते हुए लक्ष्मण ने दावा किया कि प्रश्नपत्र लीक होने के मुद्दे के अलावा ‘पैकेज’ के मामले ने भी राज्य सरकार को बुरी तरह प्रभावित किया है। लक्ष्मण ने आरोप लगाया कि यह पैकेज मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव की कथित पेशकश है कि उनके पास भाजपा के खिलाफ संयुक्त विपक्षी अभियान के वित्तपोषण के लिए पैकेज है यदि उन्हें इसका नेता चुना जाता है।

उन्होंने कहा, ‘‘सरकार अलोकप्रिय होती जा रही है। वह घोटालों में फंसी हुई है और लोगों का ध्यान भटकाने के लिए गैरकानूनी तरीके से संजय कुमार की अलोकतांत्रिक गिरफ्तारी का सहारा ले रही है।’’ लक्ष्मण ने कहा कि अगर कुमार को तत्काल रिहा नहीं किया गया तो भाजपा बृहस्पतिवार से राज्यव्यापी अभियान शुरू करेगी। संजय कुमार को बुधवार तड़के तेलंगाना में पुलिस ने हिरासत में ले लिया, जिसके बाद उनकी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav