नयी दिल्ली. दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के नये आवास के निर्माण से जुड़े आरोपों को लेकर आम आदमी पार्टी (आप) पर निशाना साधते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने बृहस्पतिवार को कहा कि उसे उम्मीद है कि सीबीआई जांच से उनके ”राजमहल का सच” सामने आ जायेगा.
केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने मुख्यमंत्री केजरीवाल के नए सरकारी आवास के निर्माण के संबंध में दिल्ली सरकार के अज्ञात लोक सेवकों द्वारा कथित रूप से की गई ”अनियमितता और कदाचार” की जांच के वास्ते प्रारंभिक जांच (पीई) दर्ज की है. अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी थी. भाजपा सांसद मनोज तिवारी ने यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा कि सीबीआई जांच में केजरीवाल के आवास की निविदा प्रक्रिया से संबंधित तथ्यों का भी खुलासा हो जायेगा.
दिल्ली के मुख्यमंत्री केजरीवाल ने उनके बंगले की मरम्मत में कथित अनियमितता मामले में सीबीआई द्वारा दर्ज पीई (प्रारंभिक जांच) का बृहस्पतिवार को ‘स्वागत’ किया. उन्होंने साथ ही कहा कि इस जांच में कुछ भी नहीं निकलेगा, क्योंकि ”कुछ भी गलत नहीं हुआ है.” भाजपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, ”कहा जाता है कि केजरीवाल ने स्कूल निर्माण में घोटाला किया है, बस घोटाला किया, शराब घोटाला, सड़क घोटाला, जल घोटाला और बिजली घोटाला किया है. उन्होंने मेरे खिलाफ 33 से अधिक मामले दर्ज किए हैं.”
केजरीवाल ने कहा, ”मैंने मुख्यमंत्री के तौर पर आठ साल के कार्यकाल में शायद दुनिया में सबसे अधिक संख्या में जांच का सामना किया है. इस नयी जांच का स्वागत है. पूर्व के मामलों में कुछ नहीं निकला और इस मामले में भी कुछ नहीं निकलेगा. आप को क्या मिलेगा जब कुछ गलत हुआ ही नहीं है?” तिवारी ने कहा कि जांच से यह भी पता चलेगा कि किसके निर्देश पर लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों ने भवन निर्माण के लिए “छोटी निविदाएं जारी कीं” ताकि मामला विभाग के सचिव तक न पहुंचे.
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने आरोप लगाया कि केजरीवाल खुद को ”दिल्ली का सुल्तान” मानते हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि जब दिल्ली के लोग महामारी के दौरान ऑक्सीजन आपूर्ति, वेंटिलेटर और दवाओं के लिए संघर्ष कर रहे थे, केजरीवाल ”अपना महल बनाने की तैयारी” कर रहे थे. पूनावाला ने कहा कि अब, क्योंकि जांच होनी है, ‘आप’ ”पीड़ित कार्ड खेलेगी” लेकिन यह पीड़ित कार्ड खेलने का नहीं बल्कि ”रिपोर्ट कार्ड दिखाने” का समय है.