केजरीवाल देश के सबसे बड़े झूठे, दिल्ली और पंजाब के लोगों को धोखा दिया: अनुराग ठाकुर

हमीरपुर. केंद्रीय मंत्री और हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार अनुराग ठाकुर ने सोमवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को ‘देश का सबसे बड़ा झूठा’ करार दिया और आरोप लगाया कि आप के राष्ट्रीय संयोजक ने दिल्ली और पंजाब के लोगों को धोखा दिया है. ठाकुर हिमाचल प्रदेश की हमीरपुर सीट से पांचवीं बार लोकसभा चुनाव लड़ रहे हैं.

उन्होंने आरोप लगाया कि केजरीवाल का प्राथमिक उद्देश्य सत्ता हथियाना है ताकि अपने गलत कामों को छिपाया जा सके लेकिन लोग उन्हें अच्छी तरह जानते हैं और राष्ट्रीय राजधानी में उनकी पार्टी को सभी सात लोकसभा सीटों पर हराएंगे. उन्होंने यहां पत्रकारों से बातचीत में कहा, ”केजरीवाल इस देश के सबसे बड़े झूठे हैं. केजरीवाल किसी के बारे में कुछ भी कह सकते हैं. उन्होंने अपने झूठ से दिल्ली और पंजाब के लोगों को धोखा दिया है. उनकी टिप्पणियां केवल इस देश के लोगों का मनोरंजन करती हैं और इससे भाजपा को फायदा होगा.”

भाजपा के खिलाफ कोई सत्ता विरोधी लहर नहीं होने की बात पर जोर देते हुए ठाकुर ने दावा किया कि केजरीवाल जेल से बाहर आने के बाद अफवाह फैला रहे हैं. भाजपा नेता ने विश्वास जताया कि उनकी पार्टी आसानी से लोकसभा चुनाव जीतेगी और नरेन्द्र मोदी तीसरी बार प्रधानमंत्री बनेंगे.

दिल्ली आबकारी नीति घोटाले से जुड़े धनशोधन के एक मामले में गिरफ्तार केजरीवाल को उच्चतम न्यायालय ने लोकसभा चुनाव में प्रचार करने के लिए एक जून तक अंतरिम जमानत दे दी है. उन्हें आत्मसमर्पण करना होगा और 2 जून को वापस जेल जाना होगा.
सात चरणों में हो रहे लोकसभा चुनाव के तहत एक जून को आखिरी चरण का मतदान है और मतों की गिनती चार जून को होगी.

Related Articles

Back to top button