केरल के मुख्यमंत्री झूठे हैं, एलडीएफ सरकार सबसे अक्षम है: सतीशन

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Tue, 07 Apr 2026 02:28 PM
केरल के मुख्यमंत्री झूठे हैं, एलडीएफ सरकार सबसे अक्षम है: सतीशन
ऑडियो सुनें

कोच्चि: कांग्रेस नेता वी डी सतीशन ने मंगलवार को केरल में वामपंथी सरकार पर जमकर हमला बोला और इसे राज्य का अब तक का सबसे अक्षम प्रशासन बताया। उन्होंने मुख्यमंत्री पिनराई विजयन पर झूठा होने का आरोप भी लगाया। सतीशन ने अपने विधानसभा क्षेत्र परवूर में पत्रकारों से बात करते हुए दावा किया कि विजयन ने आरएसएस और जमात-ए-इस्लामी के साथ अपने और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के अतीत के “संबंधों” के बारे में और कांग्रेस के दिवंगत नेता ओमन चांडी के नेतृत्व वाली संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) सरकार द्वारा किए गए कार्यों के बारे में झूठ बोला था।

सतीशन ने दावा किया कि उन्होंने मुख्यमंत्री के कथित तौर पर उन संगठनों से संबंधों के वीडियो सबूत दिखाए, जिससे विजयन डरकर भाग गए।
सतीशन ने दावा किया कि राज्य के पूर्व वित्त मंत्री थॉमस इसाक द्वारा जारी और मुख्यमंत्री द्वारा हस्ताक्षरित एक श्वेत पत्र से पता चलता है कि चांडी के नेतृत्व वाली यूडीएफ सरकार ने विजयन के दावे के विपरीत कल्याणकारी पेंशन में 18 महीने की देरी नहीं की और दिग्गज मार्क्सवादी नेता द्वारा पेश 4,500 घरों के आंकड़े के मुकाबले चार लाख से अधिक आवास का निर्माण किया था।

विपक्ष के नेता ने कहा, “उन्होंने (मुख्यमंत्री ने) हर बात पर झूठ बोला है। उनका दोहरा रवैया है। इसीलिए मैं उन्हें अब झूठा कहता हूं।” उन्होंने यह भी बताया कि 2021 के चुनाव घोषणापत्र में कल्याणकारी पेंशन बढ़ाने का वादा करने के बावजूद, वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) ने इस सरकार के कार्यकाल के अंतिम समय में ही 1,600 रुपये से बढ़ाकर 2,000 रुपये किया।

सतीशन ने कहा, “इसीलिए मैं कहता हूं कि यह केरल की अब तक की सबसे अक्षम सरकार है। मैंने पिछली पिनराई विजयन सरकार के बारे में ऐसा नहीं कहा था।” उन्होंने इस बात पर भी विश्वास दोहराया कि नौ अप्रैल को होने वाले केरल विधानसभा चुनाव में यूडीएफ को 140 में से 100 से अधिक सीटें मिलेंगी।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav