केकेआर ने राजस्थान रॉयल्स को आठ विकेट से हराया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 26 Mar 2025 11:05 PM
केकेआर ने राजस्थान रॉयल्स को आठ विकेट से हराया
ऑडियो सुनें

गुवाहाटी. कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) टी20 मैच में बुधवार को यहां राजस्थान रॉयल्स को आठ विकेट से शिकस्त दी। रॉयल्स को नौ विकेट पर 151 रन पर रोकने के बाद केकेआर ने 17.3 ओवर में दो विकेट पर लक्ष्य हासिल कर लिया। केकेआर के लिए सलामी बल्लेबाज क्विंटन डिकॉक ने 61 गेंद में 97 रन की नाबाद पारी खेली।

 

चक्रवर्ती और मोईन की फिरकी ने रॉयल्स की पारी को नौ विकेट पर 151 रन पर रोका

वरुण चक्रवर्ती और मोईन अली की कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) की स्पिन जोड़ी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बुधवार को यहां आईपीएल मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स को नौ विकेट पर 151 रन के मामूली स्कोर पर रोक दिया. टीम के दिग्गज सुनील नारायण की तबीयत खराब होने के कारण इस मैच में मोईन को केकेआर के लिए पदार्पण करने का मौका मिला. उन्होंने चार ओवर में 23 रन देकर दो विकेट चटकाने के साथ वरुण चक्रवर्ती का अच्छा साथ दिया, जिन्होंने महज 17 रन देकर दो विकेट लिये.

राजस्थान रॉयल्स के लिए ध्रुव जुरेल ने सबसे ज्यादा 33 रन बनाये. यशस्वी जायसवाल ने 29 और कप्तान रियान पराग ने 25 रन का योगदान दिया. बारासपारा मैदान की पिच पर गेंद रूक कर आ रही थी और पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने के बाद राजस्थान के बल्लेबाज अपने घरेलू मैदान पर सामंजस्य बैठाने के लिए संघर्ष करते दिखे.

चक्रवर्ती और अली ने पावरप्ले के तुरंत बाद लगातार ओवरों में दो-दो विकेट चटका कर रॉयल्स के मध्यक्रम को ध्वस्त कर दिया.
तेज गेंदबाज वैभव अरोड़ा (33 रन पर दो विकेट) महंगे रहे लेकिन उन्होंने दो महत्वपूर्ण विकेट लिये. रॉयल्स के नियमित कप्तान संजू सैमसन (11 गेंद पर 13 रन) को पावरप्ले में यॉर्कर से आउट किया और फिर इंपैक्ट प्लेयर के तौर पर आये शुभम दुबे (नौ) को सस्ते में आउट किया.

र्हिषत राणा (36 रन पर दो विकेट) ने आखिरी ओवरों में शानदार गेंदबाजी की. उन्होंने ध्रुव जुरेल की 28 गेंद की पारी को खत्म करने के बाद खतरनाक शिमरोन हेटमायर को सिर्फ सात रन पर चलता किया. जोफ्रा आर्चर ने सात गेंदों पर 16 रन की तेज पारी खेली जिससे टीम 150 रन के आंकड़े तक पहुंचा सकी. वह आखिरी ओवर में स्पेंसर जॉनसन (42 रन पर एक विकेट) का शिकार बने. राजस्थान की टीम पावरप्ले के बाद एक विकेट पर 54 रन बनाकर अच्छी स्थिति में थी. इस समय जायसवाल के साथ रियान क्रीज पर मौजूद थे.
कार्यवाहक कप्तान रियान ने र्हिषत और वैभव के खिलाफ छक्के जड़ कर अपने इरादे जाहिर किये.

जायसवाल ने 19 रन पर जीवनदान मिलने के बाद छक्का लगाकर पावर प्ले का खत्म किया. चक्रवर्ती ने सातवें ओवर में 113 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से गेंद पर रियान को आउट किया जबकि मोईन ने जायसवाल की चलता कर मैच का रुख मोड़ दिया. इंग्लैंड के इस ऑलराउंडर ने अपना प्रभाव जारी रखते हुए वानिंदु हसरंगा (चार) को आउट किया, जिन्हें पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए भेजा गया था. पंद्रह रन पर चार विकेट गिरने के बाद रॉयल्स की पारी गति नहीं पकड़ पाई और टीम बड़ा स्कोर खड़ा करने मे नाकाम रही .

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu