नाइट राइडर्स ने सुपरकिंग्स को 180 रन का लक्ष्य दिया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 07 May 2025 09:57 PM
नाइट राइडर्स ने सुपरकिंग्स को 180 रन का लक्ष्य दिया
ऑडियो सुनें

कोलकाता. कप्तान अजिंक्य रहाणे की उम्दा पारी के बाद आंद्रे रसेल की तेजतर्रार पारी से कोलकाता नाइट राइडर्स ने इंडियन प्रीमियर लीग में बुधवार को यहां चेन्नई सुपरकिंग्स के खिलाफ छह विकेट पर 179 रन बनाए. रहाणे ने 33 गेंद में चार चौकों और दो छक्कों से 48 रन की पारी खेलकर टीम को तेज शुरुआत दिलाई तो वहीं रसेल ने 21 गेंद में तीन छक्कों और चार चौकों से 38 रन बनाकर अंतिम ओवरों में रन गति में इजाफा किया. मनीष पांडे ने भी 28 गेंद में एक छक्के और एक चौके से नाबाद 36 रन बनाए.

सुपरकिंग्स की ओर से बाएं हाथ के स्पिनर नूर अहमद सबसे सफल गेंदबाज रहे जिन्होंने 31 रन देकर चार विकेट चटकाए. रहाणे ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी का फैसला किया और सुनील नारायण (26) के साथ दूसरे विकेट के लिए 58 रन जोड़कर टीम को तेज शुरुआत दिलाई जिससे नाइट राइडर्स ने पावर प्ले में एक विकेट पर 67 रन बनाए. रहमानुल्लाह गुरबाज (11) ने खलील अहमद की मैच की पहली गेंद पर चौका जड़ा. उन्होंने अंशुल कंबोज (38 रन पर एक विकेट) पर छक्का मारा लेकिन एक गेंद बाद नूर अहमद को कैच देकर पवेलियन लौट गए.

रहाणे और नारायण ने इसके बाद तेजी से रन बटोरे. रहाणे ने कंबोज पर चौके से खाता खोलने के बाद खलील पर भी दो चौके मारे.
नारायण ने रविचंद्रन अश्विन का स्वागत दो चौकों और एक छक्के के साथ किया और पांचवें ओवर में टीम के रनों का अर्धशतक पूरा किया. रहाणे ने अगले ओवर में कंबोज की लगातार गेंद पर छक्का और चौका मारा.

नूर ने नारायाण को महेंद्र सिंह धोनी के हाथों स्टंप कराके खतरनाक लग रही इस साझेदारी को तोड़ा. अंगकृष रघुवंशी (01) भी इसी ओवर में धोनी को कैच दे बैठे जिससे नाइट राइडर्स का स्कोर तीन विकेट पर 71 रन हो गया. रहाणे ने रविंद्र जडेजा (34 रन पर एक विकेट) पर छक्का जड़ा लेकिन इसी स्पिनर की गेंद पर डेवोन कॉनवे को कैच दे बैठे. सुपरकिंग्स के गेंदबाजों ने बीच के ओवरों में रन गति पर अंकुश लगाया जबकि नाइट राइडर्स के बल्लेबाज बाउंड्री लगाने में नाकाम रहे. नाइट राइडर्स के रनों का शतक 12वें ओवर में पूरा हुआ.

रसेल ने बढ़ते दबाव के बीच 15वें ओवर में जडेजा की लगातार गेंदों पर दो चौके और एक छक्के के साथ रन गति में इजाफा किया और फिर अगले ओवर में मथीशा पथिराना की लगातार गेंदों पर भी छक्का और चौका मारा. रसेल ने नूर के अगले ओवर में भी चौका और छक्का मारा लेकिन अंतिम गेंद पर हवा में लहराकर डेवाल्ड ब्रेविस को कैच दे बैठे. मनीष पांडे ने पथिराना पर छक्का जड़कर हाथ खोले जबकि रिंकू सिंह ने भी इस तेज गेंदबाज पर चौका मारा. रिंकू हालांकि नूर का चौथा शिकार बने जब उन्होंने आयुष म्हात्रे को कैच थमाया.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu